‘पंजे और लालटेन ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया’, लालू के गढ़ में विपक्ष पर गरजे मोदी

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री मोदी आज, शुक्रवार को एक बार फिर बिहार दौरे पर पहुंचे। विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए सिवान पहुंचे पीएम मोदी का लोगों ने उत्साह के साथ अभिवादन किया। उन्होंने राज्य की जनता को करोड़ों की सौगात दी। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने RJD और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल, रेल और बिजली क्षेत्र सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत NDA के कई नेता मौजूद रहे।
PM मोदी ने बिहार को दी करोड़ों की सौगात
सीवान में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी। सीवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है।’
लालू के गढ़ में गरजे PM मोदी
RJD और कांग्रेस पर बरसते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी… जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया। उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था।’

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular