बिजनौर से सीधे 800 KM दूर देवरिया ट्रांसफर, जॉइन नहीं करने पर पीसीएस अरविंद कुमार सिंह सस्पेंड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि प्रशासनिक अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। शासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पीसीएस अफसर अरविंद कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि पीसीएस अधिकारी अरविंद सिंह का मई महीने में बिजनौर से देवरिया तबादला किया गया था, लेकिन उन्होंने नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। आदेश की अवहेलना और ड्यूटी जॉइन न करने को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी अरविंद कुमार सिंह पिछले तीन वर्षों से बिजनौर में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) के पद पर तैनात थे। शासन ने 30 मई को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उन्हें देवरिया ट्रांसफर किया था, लेकिन उन्होंने नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। वहीं, उनकी जगह एडीएम न्यायिक वान्या सिंह को बिजनौर एडीएम वित्त एवं राजस्व की जिम्मेदारी सौंप दी थी। सूत्रों के अनुसार, अरविंद कुमार सिंह लंबे समय से बिजनौर में जमे हुए थे और वे अपने तबादले से संतुष्ट नहीं थे। इसी कारण उन्होंने देवरिया में जॉइन नहीं किया था। लेकिन आदेश की अवहेलना अब उनके लिए भारी पड़ गई है। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular