अवैध धर्मांतरण के आरोपी छांगुर बाबा को CM योगी ने बताया राष्ट्र विरोधी, कहा- ऐसी सजा दी जाएगी…

लखनऊ। धर्मांतरण के आरोपी जमालउद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की गतिविधियों को राष्ट्र विरोधी बताते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जायेंगी और उन्हे ऐसी सजा दिलायी जायेगी जो समाज के लिये उदाहरण प्रस्तुत करेगा। सीएम योगी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट किया “ हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालउद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं।”
उन्होने कहा “उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने।” गौरतलब है कि हाल ही में यूपी एटीएस ने अवैध धर्म परिवर्तन के एक बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को गिरफ्तार किया है, जिसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम था।
बलरामपुर में चला छांगुर की संपत्ति पर बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी की यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त में आई है जब बलरामपुर स्थित जलालुद्दीन के बिला पर बुलडोजर चला है। बलरामपुर स्थित उतरौला में छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों की संपत्ति पर बुलडोजर चला। छांगुर बाबा को ATS ने धर्मांतरण के मामले में गिरफ्तार किया है। उस पर 100 करोड़ की विदेशी फंडिंग और धर्मांतरण का आरोप है।
बता दें कि एटीएस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि छांगुर के धर्मांतरण गैंग में 18 सदस्य हैं। अब तक छांगुर समेत 4 गिरफ्तार हो गए हैं और 14 की तलाश जारी है। गोंडा, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, औरैया व पुणे से इनके रिश्ते सामने आए हैं। दावा है कि इनके नेटवर्क ने जड़ें, तहसील और न्यायालयों तक जड़ें बनाई थीं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular