बिहार में राष्ट्रपति शासन लगे…पटना के पारस अस्पताल गोलीकांड पर भड़के पप्पू यादव, कहा- बिहार में नीतीश नहीं, बीजेपी चला रही सरकार

नई दिल्ली, एजेंसी। बिहार के पटना के पारस अस्पताल में गुरुवार को एक मरीज पर चार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई। मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों की गोलियों का शिकार हुए व्यक्ति पर भी हत्या का केस चल रहा था और वह पैरोल पर इलाज कराने के लिए जेल से बाहर आया था।
इसी बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने घटनास्थल पर जाने की कोशिश की तो उन्हें पुलिस ने बाहर ही रोक दिया। इस बात से गुस्साए पप्पू यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में मरीज, नर्स, डॉक्टर कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार की स्थिति को देखते हुए यहां राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए। सांसद ने कहा कि यहां पर सरकार नीतीश नहीं बल्कि बीजेपी चलाती है।
‘जाति को देखकर एनकाउंटर किए जाते हैं’
पप्पू यादव ने कहा कि अब बिहार में बाकी ही क्या रह गया। उन्होंने कहा कि जहां यह घटना हुई उससे 200 मीटर दूर क्वाटर है, बगल में थाना है। फिर भी यहां ऐसे दिनदहाड़े गोलियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने नीतीश सरकार के नेताओं को घेरते हुए कहा कि बिहार में सिर्फ अब इन नेताओं की नेतानगरी ही बच गई है। ये लोग पैसों के बदौलत नेतानगरी करते हैं । राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए यादव ने कहा कि यहां जो भी एनकाउंटर होते हैं वह जाति के आधार पर होते हैं। गलत एनकाउंटर किए जाते है और इसके बाद सरकार एनकाउंटर करने वाले शूटर को बचाती है।
माफियाओं को पालने वाले माफिया राज खत्म करने की बात करते हैं
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सरकार माफिया राज खत्म करने की बात करती है, लेकिन यही लोग माफियाओं को पालते है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार तो सरकार चला नहीं रहे हैं, वह पूरी तरह से सो चुके हैं। सांसद ने कहा कि बिहार की सरकार बीजेपी और यहां के हेडक्वार्टर के अधिकारी चला रहे हैं।
राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
सांसद ने कहा कि वह राज्यपाल ने उन्हें बुलाया है और वह राज्यपाल के कार्यालय जाकर उनसे अनुरोध करेंगे कि वह बिहार की स्थिति को देखते हुए यहां राष्ट्रपति शासन लगा दे। उन्होंने कहा कि साथ में हेडक्वार्टर में तैनात सभी पदाधिकारियों को यहां से हटा देना चाहिए और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सांसद ने कहा कि इस हादसे के बाद हेडक्वार्टर के अधिकारियों को चुल्लू भर पानी में डूब कर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश तो सरकार चला नहीं रहे, इससे अच्छा यहां राष्ट्रपति शासन लग जाए। बता दें कि गुरुवार को चंदन मिश्रा नाम के एक व्यक्ति को बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर गोली मार दी। चंदन की मौके पर ही मौत हो गई। चंदन पटना के ही आदर्श केंद्रीय कारा बेउर जेल में बंद था और उसके ऊपर हत्या का आरोप था। वह अपना इलाज करवाने पैरोल पर बाहर निकला था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। कुछ दिन पहले बिहार में गोपाल खेमका की भी इसी तरह कुछ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर कर हत्या कर दी गई थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular