संसद में लोकतंत्र की गलत स्पेलिंग पर विपक्ष की किरकिरी; भाजपा का तंज- जो लोग लिखना भी नहीं जानते, वे…

नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंदी में ‘लोकतंत्र’ की गलत वर्तनी वाले बैनर दिखाने पर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। भाजपा ने कहा कि जिन्हें यह शब्द लिखना भी नहीं आता, वे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकल पड़े हैं।
दरअसल, कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दल के कई सांसदों ने बिहार में चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान विपक्ष नेताओं ने एक बैनर पकड़ रखा था, जिस पर लोकतंत्र की वर्तनी गलत थी। वे संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर कतार में खड़े होकर ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘वोटबंदी बंद करो’ जैसे नारे लगा रहे थे।
लोकतंत्र की वर्तनी को लेकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा
बैनर में ‘लोकतंत्र’ की वर्तनी को लेकर विपक्षी दलों का मजाक उड़ाते हुए भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने हिंदी में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह लोकतंत्र है।’ विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए भाजपा ने लोकतंत्र की वर्तनी को लेकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें लोकतंत्र लिखना नहीं आता, वे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकल पड़े हैं।
एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन संसद के दोनों सदनों में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से शुरू की गई इस कवायद का मकसद बिहार में विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करना है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular