बुलंदशहर में संदिग्ध युवकों ने युवक की गोली मारकर की हत्या, गांव में दहशत

बुलंदशहर । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हत्या की घटना से इलाके में दहशत है। थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव दौलताबाद में बीती रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई। इस वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीमें गठित की हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दौलताबाद गांव में अपने दोस्त जितेंद्र के साथ घर लौट रहे संजय ने रास्ते में घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को टोका था। उसी बात पर विवाद हुआ और फिर एक युवक ने पिस्टल निकालकर संजय पर फायर कर दिया। इस हमले में संजय की मौत हो गई। बताया जाता है कि संजय गांव में अपनी मां के साथ रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे गाजियाबाद में रहते हैं।
इस घटना से गांव के लोग दहशत में आ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और कारतूस का खोखा बरामद किया। साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध युवकों ने संजय के सिर में गोली मारी थी। उनके परिजन और स्थानीय लोग संजय को अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसएसपी ने इस घटना में किसी पुरानी दुश्मनी से साफ इनकार किया है।
उन्होंने बताया कि संजय के साथ जा रहे जितेंद्र से कई जानकारियां मिली हैं, लेकिन यहां कई चीजों में विरोधाभास दिशा है, जिससे संदेश पैदा होता है। एसएसपी ने कहा कि मामले में अभी कुछ चीजों को लेकर पूछताछ की जाएगी। कुछ टीमों को मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि इस घटना में आसपास के ही लोग शामिल हो सकते हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular