ब्राजीली राष्ट्रपति ने ठुकराई ट्रंप की पेशकश; लूला का करारा जवाब- मैं पीएम मोदी से बात करूंगा

रियो डी जेनेरियो, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक बयान में हाल ही में कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति उन्हें टैरिफ पर बात करने के लिए फोन कर सकते हैं। हालांकि ब्राजीली राष्ट्रपति ने ट्रंप की ये पेशकश ठुकरा दी है। ब्राजीली राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश अपने हितों की रक्षा के लिए विश्व व्यापार संगठन सहित सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बात करने के बजाय ब्रिक्स संगठन के सहयोगी देशों से बात करेंगे। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्राजील पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का एलान किया था।
‘ब्राजील अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों का सबसे खेदजनक समय’
ट्रंप के एलान के बाद अमेरिका और ब्राजील के संबंधों में तनाव बढ़ गया है। ब्राजीली राष्ट्रपति लूला ने अमेरिका द्वारा टैरिफ लगाए जाने के दिन को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के इतिहास का ‘सबसे खेदजनक’ समय बताया। लूला ने कहा कि उनकी सरकार ब्रिक्स भागीदारों सहित अन्य देशों के साथ विदेशी व्यापार को मजबूत करने के लिए पहले से ही कार्रवाई शुरू कर चुकी है।
मोदी से बात करूंगा’
लूला ने ब्रासीलिया में एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, ‘2025 में, हम अपने हितों की रक्षा के लिए विश्व व्यापार संगठन से बातचीत शुरू करने के साथ ही सभी संभव उपायों का सहारा लेंगे।’ ब्राजील के नेता ने कहा कि ‘वह टैरिफ पर चर्चा के लिए ट्रंप को फोन नहीं करेंगे, क्योंकि अमेरिकी नेता बात नहीं करना चाहते लेकिन मैं शी जिनपिंग को फोन करूंगा, मैं प्रधानमंत्री मोदी को फोन करूंगा। मैं पुतिन को फोन नहीं करूंगा, क्योंकि वह अभी यात्रा नहीं कर सकते। लेकिन मैं कई राष्ट्रपतियों को फोन करूंगा।’
कॉप 30 में आमंत्रित करेंगे ट्रंप को
बढ़ते तनाव के बावजूद, लूला ने कहा कि वह नवंबर में पारा के बेलेम में होने वाले संयुक्त राष्ट्र के जलवायु परिवर्तन सम्मेलन, COP30 में राष्ट्रपति ट्रंप को आमंत्रित करेंगे। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, लूला ने कहा, ‘मैं ट्रंप को COP30 में आमंत्रित करने और जलवायु मुद्दे पर उनकी राय जानने के लिए फोन करूंगा। अगर वह इसमें शामिल नहीं होते हैं, तो उनती मर्जी, लेकिन यह शिक्षा, मित्रता या लोकतंत्र की कमी के कारण नहीं होगा।’ लूला ने कहा है कि ब्राजील अमेरिका के साथ टैरिफ पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन यह बातचीत समान शर्तों और परस्पर सम्मान के साथ होनी चाहिए, जिससे राष्ट्रीय संप्रभुता और निष्पक्ष व्यापार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular