‘कोसी का नाम आते ही कुछ लोगों को बिहार चुनाव दिखेगा’, सांसदों के लिए बने फ्लैट्स का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने कसा तंज

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर संसद सदस्यों के लिए नवनिर्मित 184 टाइप-VII बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम मोदी ने सिंदूर का पौधा भी लगाया।
उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभी कुछ ही दिन पहले मैंने कर्तव्य पथ ओर कर्तव्य भवन का लोकार्पण किया था। पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए इस Residential Complex के उद्घाटन का अवसर मिला है।
विपक्ष पर भी कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन चार टावर्स के नाम भी बेहद सुंदर हैं। कृष्णा, गोदावरी, कोसी, हुगली, भारत की चार महान नदियां, जो करोड़ों लोगों को जीवन देती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अब उनकी प्रेरणा से हमारे जन प्रतिनिधियों के जीवन में भी आनंद की नई धारा बहेगी। पीएम मोदी ने इस दौरान तंज कसते हुए कहा कुछ लोगों को परेशानी भी होगी। कोसी नदी पर नाम रखा है, तो उनको कोसी नदी नहीं दिखेगी, उनको बिहार का चुनाव नजर आएगा। ऐसे छोटे मन के लोगों के मन की परेशानियां भी दिखेंगी। नदियों के नामों की परंपरा देश की एकता के सूत्र में हमें बांधती है।
पीएम मोदी ने सांसदों को दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि आज मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए इस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने का अवसर मिला। मैं सभी सांसदों को बधाई देता हूं। मैं इन फ्लैटों के निर्माण में शामिल सभी इंजीनियरों और श्रमिक मित्रों की भी सराहना करता हूँ, जिनकी कड़ी मेहनत से यह परियोजना संभव हो पाई है।
‘भारत के विकसित होने का अधीर है 21वीं सदी’
21वीं सदी का भारत जितना विकसित होने के लिए अधीर है, उतना ही संवेदनशील भी है। आज देश कर्तव्य पथ और कर्तव्य भवन का निर्माण करता है। तो करोड़ों देशवासियों तक पाइप से पानी पहुंचाने का अपना कर्तव्य भी निभाता है। आज देश अपने सांसदों के लिए नए घर का इंतजार पूरा करता है। तो पीएम-आवास योजना के जरिए 4 करोड़ गरीबों का गृह प्रवेश भी करवाता है।
‘देश संसद देश की नई इमारत बनाता है, तो सैकड़ों कॉलेज भी बनाता है’
आज देश संसद की नई इमारत बनाता है, तो सैंकड़ो नए मेडिकल कॉलेज भी बनाता है। इन सबका लाभ हर वर्ग, हर समाज को हो रहा है। Sustainability और स्वच्छता इस इमारत की पहचान बने, ये हम सबका वादा होना चाहिए। न केवल सांसद आवास बल्कि ये पूरा परिसर हमेशा साफ और स्वच्छ रहे तो कितना ही अच्छा होगा।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular