आसिम मुनीर ने कहा-भारत के खिलाफ मेरा बेटा लड़ेगा, वो शहीद हुआ तो मेरा पोता लड़ेगा

इस्लामाबाद, एजेंसी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान बिलबिलाया हुआ है। उसके आतंकी ठिकाने और एयरबेस तबाह हो चुके हैं। एयरबेस की हालत तो ऐसी है कि ऑपरेशन के लायक भी नहीं बचे हैं, जिससे उसका करोड़ों का नुकसान हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वे पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर दुनिया में अपनी जांबाजी का ढिंढोरा पीट रहे हैं। युद्ध के बाद से वह दो बार अमेरिका का दौरे कर चुके हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति की चापलूसी करते दिखाई दिए। वहीं, ब्रुसेल्स में वे अब खुद को शांति का दूत बता रहे हैं और यहां तक दावा कर दिया कि भारत के साथ उनका बेटा लड़ेगा और अगर वो शहीद हो गया तो पोता लड़ेगा। यही नहीं, मुनीर ने एक बार फिर कश्मीर का रोना रोया है और उसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बताया है।
ब्रुसेल्स में आसिम मुनीर ने पाकिस्तानियों से बात करते हुए सफाई दी कि उन्हें नेता बनने का कोई शौक नहीं है। दरअसल, पाकिस्तान में चर्चा चल रही है कि मुनीर मुल्क में सत्ता पलट करना चाहते हैं। ये बात देश में आम है। लोगों को लग रहा है कि वे कभी भी तख्तापलट कर सत्ता की कुर्सी पर बैठ जाएंगे और शहबाज शरीफ को कुर्सी से उतारने में वक्त नहीं लगेगा।
आसिम मुनीर ने ट्रंप को बताया पीस लवर
ब्रुसेल्स में भी ट्रंप की चापलूसी करते हुए मुनीर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप पीसमेकर और पीस लवर हैं। पाकिस्तान ने राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामजद किया है। सबसे पहला क्रेडिट पाकिस्तान को जाता है कि राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामजद किया गया। पाकिस्तान के सेना प्रमुख ज्ञान बघारते हुए दावा कर दिया है कि दुनिया में जंगल राज है।
मुनीर ने अलापा कश्मीर का राग
उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई कानून नहीं है। जंगलराज का कानून चल रहा है। आगर आपके पास ताकत है तो दुनिया आपकी इज्जत करेगी और आपको मानेगी व जानेगी। हम शांति में यकीन रखने वाले लोग हैं, लेकिन हमसे कोई लड़ेगा तो हम उसको छोड़ने वाले नहीं हैं। मुनीर ने कश्मीर का राग अलापते हुए कहा कि कश्मीर भारत की जागीर नहीं है, कश्मीर बाइलेट्रल मुद्दा नहीं है, ये एक अंतरराष्ट्रीय मसला है। उन्होंने दावा किया कि भारत के खिलाफ उनका बेटा लड़ेगा और अगर वह शहीद हुआ तो फिर पोता लड़ेगा। वहीं, ब्रुसेल्स में आसिम मुनीर के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular