एसआईआर वोट चोरी का नया हथियार, ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ की रक्षा करेंगे: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) वोट चोरी का नया तरीका है। उन्होंने कहा कि वो एक व्यक्ति एक वोट के सिद्धांत की रक्षा करने के लिए शपथ ले चुके हैं। राहुल गांधी ने यह बात अपने व्हाट्सएप चैनल पर शेयर की गई एक पोस्ट में कही। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात ऐसे लोगों से हुई है जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान किया था लेकिन अब बिहार में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। राहुल गांधी ने रविवार को सासाराम से अपनी वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत की जहां इस मुद्दे पर एक ग्रुप से मिले ।
लोकसभा में राहुल गांधी ने मीटिंग की एक तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा कि सर वोट चोरी का नया हथियार तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि तस्वीर में उनके साथ खड़े लोग इस चोरी के जीते-जागते सबूत हैं। उनके अनुसार इन सभी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट डाला था, लेकिन जैसे ही बिहार विधानसभा चुनाव आया चुनावी सूची से इनकी पहचान और अस्तित्व गायब कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि क्या आप जानते हैं ये लोग कौन हैं? राज मोहन सिंह (70), किसान और सेवानिवृत्त सैनिक, उमरावती देवी (35), दलित और मजदूर, धनंजय कुमार बिंद (30), पिछड़ा वर्ग और मजदूर, सीता देवी (45), महिला और पूर्व मनरेगा मजदूर, राजू देवी (55), पिछड़ा वर्ग और मजदूर, मोहम्मदुद्दीन अंसारी (52), अल्पसंख्यक और मजदूर।
भाजपा-चुनाव आयोग की मिलीभगत- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से उन्हें सिर्फ इसलिए सजा दी जा रही है क्योंकि वो बहुजन और गरीब तबके से आते हैं। उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे हैं कि न तो उनके पास वोट रहेगा, न पहचान और न ही अधिकार। यहां तक कि हमारे जवानों को भी इस अन्याय से नहीं छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव और गरीब आर्थिक हालात के कारण लोग व्यवस्था की साजिश से लड़ नहीं पा रहे हैं। इसलिए हम उनके साथ खड़े हैं ताकि एक व्यक्ति, एक वोट का सबसे बुनियादी अधिकार सुरक्षित रहे। यह सिर्फ अधिकारों का ही नहीं बल्कि लोकतंत्र में सबकी बराबर भागीदारी का सवाल है।
राहुल गांधी ने रविवार को देवकुंड सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। मतदाता अधिकार यात्रा दूसरे दिन कुटुम्बा से शुरू होकर शाम तक गया पहुंचने वाली है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular