जोमैटो की मूल कंपनी इंटरनल को मिला 40 करोड़ टैक्स नोटिस

नईदिल्ली। जोमैटो और ब्लिंकिट की मालिक कंपनी इटरनल को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने तगड़ा झटका दिया है। विभाग की ओर से तीन आदेश मिले हैं, जिनमें ब्याज और जुर्माने सहित कुल 40 करोड़ रुपये से अधिक की कर मांग की गई है। ये आदेश जुलाई, 2017 से मार्च, 2020 की अवधि के लिए बेंगलुरु के संयुक्त आयुक्त-4 से प्राप्त हुए हैं। दूसरी तरफ कंपनी इन आदेशों के खिलाफ अपील दायर करने की तैयारी कर रही है।
इटरनल ने सोमवार को देर रात नियामक फाइलिंग में कहा, कंपनी को 25 अगस्त को जुलाई, 2017 से मार्च, 2020 की अवधि के लिए बेंगलुरु के संयुक्त आयुक्त अपील-4 से पारित 3 आदेश प्राप्त हुए हैं। कंपनी ने आगे बताया है कि इन आदेशों में 21.42 करोड़ रुपये के ब्याज और 1.71 करोड़ रुपये के जुर्माने के साथ 17.19 करोड़ रुपये की जीएसटी की कुल मांग की गई है। इस तरह उसे कुल मिलाकर उसे 40.3 करोड़ रुपये देने होंगे।
अब इस मामले में कंपनी अपील का रास्ता अपनाने की तैयारी कर रही है। उसने इसको लेकर अपने वकीलों से भी विचार-विमर्श किया है। नियामक फाइलिंग में कहा, हमारा मानना है कि हमारे पास गुण-दोष के आधार पर मजबूत मामला है और कंपनी उचित प्राधिकारी के समक्ष आदेशों के विरुद्ध अपील दायर करेगी। इटरनल ने शेयरधारकों को आश्वस्त किया कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि जीएसटी नोटिस का कंपनी पर कोई वित्तीय प्रभाव पड़ेगा।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular