आतंकवादियों को संरक्षण दे रहे हैं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव… गिरिराज सिंह का बड़ा आरोप

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर करारा प्रहार किया है। गिरिराज सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कारण है कि जब राहुल-तेजस्वी की यात्रा शुरू होती है, उसी समय नेपाल के रास्ते तीन आतंकी बिहार में प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आतंकवादियों का मनोबल ऐसे ही नहीं बढ़ता, बल्कि देश के भीतर ही कुछ आस्तीन के सांप हैं जो उनके संरक्षक बने हुए हैं।
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और राजद के कार्यकाल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि 1971 में कांग्रेस के समय बांग्लादेशी और रोहिंग्या आतंकवादी देश में दाखिल हुए और लालू यादव के शासनकाल में पीएफआई को पाला-पोसा गया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर हमारी सरकार आगे भी सत्ता में आती है तो बांग्लादेशी और रोहिंग्या को देश से बाहर निकाला जाएगा।
पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक रैली में बोले गए अपशब्द को लेकर विवाद बढ़ा हुआ है। पटना में शुक्रवार को कांग्रेस दफ्तर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जहां बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। इसके लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी के एजेंट हमारी सभा में घुस कर गलत नारे लगाते हैं और फिर यही लोग इसे मुद्दा बनाते हैं, ताकि वोटर अधिकार यात्रा से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके। पहले सेनेटरी नैपकिन मुद्दे पर भी इन्होंने फोटोशॉप करते हुए पकड़े गए थे। इनकी चोरी अब पकड़ में आ गई है। इसी कारण ये घबराए हुए हैं और अब हमारे सदाकत आश्रम में गुंडागर्दी करने आ गए। इनके मंत्री और विधायक हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं, लेकिन देश और देशवासी यह सब देख रहे हैं और अब इनकी गुंडागर्दी कतई नहीं चलेगी।
कांग्रेस ने कहा कि अहिंसा के आगे हिंसा कभी टिक नहीं सकती है। वोट चोरी और चुनावी धांधली के खिलाफ हम लगातार आवाज उठा रहे हैं। हमारी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लोगों का अपार प्रेम और समर्थन मिल रहा है, जिससे बीजेपी और नरेंद्र मोदी बौखला गए हैं। इसी बौखलाहट में आज बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय- सदाकत आश्रम पर बीजेपी ने अपने विधायकों के साथ गुंडे भेजकर हमला कराया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे- कांग्रेस
उसने कहा कि नरेंद्र मोदी और बीजेपी याद रखे, इस कायरतापूर्ण हमले से हम डरने वाले नहीं हैं। आपकी वोट चोरी को और मजबूती से उजागर करेंगे। जनता के अधिकारों के लिए लड़ेंगे। संविधान को खत्म करने की आपकी साजिश कभी कामयाब नहीं होगी। हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular