राहुल में जरा भी शर्म बची है तो माफी मांगें… पीएम को अपशब्द कहने पर भड़के अमित शाह

नई दिल्ली, एजेंसी। बिहार में विपक्षी गठबंधन के एक कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को नरेंद्र मोदी और उनकी माता के खिलाफ कथित अपमानजनक शब्दों के प्रयोग पर गृहमंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में आयोजित एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में अगर थोड़ी भी शर्म बाकी है तो उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी और देश से माफी मांगनी चाहिए। उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता जी के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी की मैं कड़ी निंदा करता हूं। यह सब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के इशारे पर हुआ है। पीएम मोदी और उनकी मां को अपशब्द कहना बहुत निंदनीय है।
गृहमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी ने अत्यंत गरीब जीवन जिया। उन्होंने अपने बच्चों को संस्कार, मेहनत और ईमानदारी जैसे मूल्यों के साथ पाला और उनका एक बेटा आज भरोसेमंद नेता है। ऐसे जीवन पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनीति के अंदर इससे बड़ी गिरावट नहीं हो सकती।
गृहमंत्री अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला
गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के लिए जिस प्रकार के शब्दों का उपयोग राहुल गांधी के मंच से किया गया वह अत्यंत निंदनीय और दुखद है। राहुल गांधी ने नकारात्मक राजनीति की शुरुआत की है। उन्होंने घुसपैठिए बचाओ यात्रा की शुरुआत की है। मतदाता सूची में अवैध घुसपैठियों को शामिल करने का प्रयास चुनाव को दूषित करने की कोशिश है। प्रधानमंत्री को जितनी गालियां दी जाएंगी उतना ही अधिक कमल खिलेगा।
बीजेपी का विरोध प्रदर्शन और कांग्रेस से झड़प
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां को गोली देने का वीडियो वायरल है। इस मामले में केस भी दर्ज हुआ है। पीएम मोदी को अपशब्द कहने पर कांग्रेस और आरजेडी के खिलाफ बीजेपी के जमकर हल्ला बोला है। बीजेपी ने कांग्रेस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया। जिसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भिड़ंत भी हो गई।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular