ट्रंप की हत्या की कोशिश के आरोपी पर चलेगा मुकदमा, अंतिम चरण में तैयारियां; अदालत में खुद करेगा पैरवी

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमे की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आरोपी रयान राउथ मंगलवार को मुकदमे से पूर्व सुनवाई के दौरान अपनी पैरवी खुद करेगा। रयान पर पिछले साल फ्लोरिडा में ट्रंप की हत्या की कोशिश करने का आरोप है।
अगर किसी वजह से कोई देरी नहीं हुई तो सोमवार को फोर्ट पियर्स की संघीय अदालत में इस मामले के लिए जूरी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जुलाई में अमेरिकी जिला जज एली कैनन ने राउथ को खुद की पैरवी करने की अनुमति दी थी। हालांकि, अदालत ने कहा कि सरकारी वकील मौजूद रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर राउथ की मदद की जा सके।
यह मुकदमा उस घटना के करीब एक साल बाद शुरू हो रहा है, जब अभियोजन पक्ष ने कहा था कि एक अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट ने ट्रंप की हत्या की कोशिश को नाकाम किया। घटना के समय ट्रंप वेस्ट पाम बीच स्थित अपने कंट्री क्लब में गोल्फ खेल रहे ते। 59 वर्षीय रयान पर तब राष्ट्रपति पद के एक प्रमुख उम्मीदवार की हत्या की कोशिश, एक संघीय अधिकारी पर हमला और हथियारों से जुड़े कई आरोप लगाए गए। हालांकि, रयान ने इन आरोपों का दोषी न होने की दलील दी।
सरकारी वकीलों का कहना है कि रयान राउथ ने कथित तौर पर कई हफ्तों तक ट्रंप की हत्या की योजना बनाई थी। 15 सितंबर 2024 को उसने झाड़ियों के पीछे से ट्रंप पर राइफल तानने की कोशिश की, लेकिन उससे पहले ही एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने उसे देख लिया। अधिकारियों के मुताबिक, रयान ने उस एजेंट की ओर राइफल तानी, जिसके जवाब में एजेंट ने गोली चलाई। गोली लगने से पहले ही रयान ने अपना हथियार गिरा दिया और मौके से भाग गया।
पुलिस को इस मामले में एक गवाह की मदद मिली, जिसने अधिकारियों को बताया कि उसने किसी व्यक्ति को भागते हुए देखा था। इसके बाद गवाह को हेलीकॉप्टर के जरिए पास के अंतर्राज्यीय राजमार्ग तक ले जाया गया, जहां रयान को गिरफ्तार किया गया। गवाह ने पुष्टि की कि वही व्यक्ति उसने भागते हुए देखा था।
रयान पहले नॉर्थ कैरोलिना में निर्माण कार्य करता था और हाल के वर्षों में हवाई में रहने चला गया था। वह खुद को ‘भाड़े का सैनिकों’ का नेता बताता था और दुनियाभर में जारी संघर्षों में शामिल होने की बात करता था। गवाहों ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि वह अक्सर खतरनाक और हिंसक योजनाओं की बातें किया करता था। यूक्रेन युद्ध के शुरुआती दिनों में रयान ने कथित तौर पर अफगानिस्तान, मोल्डोवा और ताइवान से सैनिकों को रूस के खिलाफ लड़ने के लिए भर्ती करने की कोशिश की थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular