रामलला का दर्शन करने अयोध्या पहुंचे मॉरीशस के प्रधानमंत्री, सीएम योगी ने की अगवानी

लखनऊ। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम शुक्रवार को रामनगरी पहुंचे। यहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम गुलाम की अगवानी करते स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम का काफिला राम मंदिर की ओर बढ़ गया।
डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर में ही मौजूद रह कर रामलला व राम दरबार का दर्शन करेंगे। साथ ही मंदिर निर्माण से संबंधित विभिन्न जानकारियां लेंगे। उनका परिसर के कुबेर टीले पर भी दर्शन व पूजन-अर्चन का कार्यक्रम नियत है। जिला प्रशासन को उनके दौरे से संबंधित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम मिल जाने के बाद तैयारियां प्रारंभ हैं। प्रधानमंत्री डा. नवीनचंद्र रामगुलाम इन दिनों आठ दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। नौ सितंबर से प्रारंभ हुई उनकी यात्रा में वाराणसी में दर्शन-पूजन के साथ अयोध्या आगमन भी प्रस्तावित है। वाराणसी में उनकी अगवानी के लिए जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचेंगे तो अयोध्या में उनका अभिनंदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
शुक्रवार को सुबह 11:10 बजे उनके एयरपोर्ट पर पहुंचने से पूर्व ही सीएम योगी आदित्यनाथ के यहां पहुंच जाने की संभावना है। यहीं पर प्रधानमंत्री के सम्मान में प्रदेश सरकार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री राम मंदिर जाएंगे और दर्शन-पूजन करेंगे। हाल ही में पांच सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे अपनी पत्नी तोशी के साथ रामलला का दर्शन कर चुके हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular