डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से चलाया जा रहा कार्यक्रम

उन्नाव। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से जिले में चलाये जा रहे “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सोमवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में हुई बैठक में पीएसआई इंडिया के मैनेजर प्रोग्राम गजेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम सम्बन्धी गतिविधियों और प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि डायरिया से बच्चों को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए जन जागरूकता बहुत जरूरी है। डायरिया से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाना चाहिए। पीएसआई इंडिया के गजेन्द्र ने विगत तीन माह की प्रगति एवं दस्त रोको अभियान के दौरान जिले में किये गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि पीएसआई इंडिया द्वारा जनपद उन्नाव के 47 प्रमुख स्थानों पर डायरिया से संबंधित दीवार लेखन किया गया है, ताकि जन-जन में जागरूकता की अलख जगाई जा सके।

ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य इकाइयों पर आशा एवं एएनएम की बैठक में प्रतिभाग कर डायरिया पर चर्चा की गयी है। इसके अलावा अतिरिक्त छाया ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों का सहयोगात्मक निरीक्षण किया जा रहा है। ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य इकाइयों पर ओआरएस व जिंक कार्नर बनाने का कार्य किया जा रहा है। जुलाई तक करीब 868 आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आशा संगिनी का डायरिया पर अभिमुखीकरण किया गया है I पम्पलेट आदि प्रचार सामग्री (आईईसी) का वितरण किया गया। प्रचार वाहन के संचालन के बारे में भी चर्चा हुई। हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) की रिपोर्ट को लेकर भी विस्तृत रूप से चर्चा हुई I बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबन्धक (डीपीएम) इंतजार अहमद सिद्दीकी, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक डॉ. रानू कटियार, डीसीपीएम जे.बी. पाण्डेय ने भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर पीएसआई इंडिया से अनुरेश सिंह एवं अशरफ हुसैन उपस्थित रहे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular