लेटेस्ट न्यूज़
6 Oct 2025, Mon

एक महीने में पांचवीं बार अमेरिका ने वेनेजुएला की नौका को बनाया निशाना, रूस की चेतावनी- इससे तनाव बढ़ेगा

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की एक और नौका को वेनेजुएला के तट पर निशाना बनाया है। पहले से ही अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव है और ताजा हमले के बाद यह तनाव और बढ़ गया है। यह अमेरिका का वेनेजुएला की नौकाओं को निशाना बनाकर एक महीने में किया गया पांचवां हमला है। अमेरिका का दावा है कि जिन नौकाओं को निशाना बनाया गया, उससे ड्रग तस्करी हो रही थी।
रविवार को नोर्फ्लोक नेवल स्टेशन पर मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि शनिवार को वेनेजुएला की एक और नौका को निशाना बनाया गया है। ट्रंप ने कहा ‘हाल के हफ्तों में नेवी ने नशा तस्कर आतंकियों के खिलाफ हमारे अभियान में मदद की है और बीती रात भी एक नौका को निशाना बनाया गया। जिसके बाद हमें समुद्र में उनकी कोई नौका नहीं दिख रही है।’ उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने शुक्रवार को भी वेनेजुएला की एक नौका को निशाना बनाया था, जिसमें चार लोग मारे गए थे। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को हमले की बात कही। ऐसे में ये साफ नहीं हो पाया कि शनिवार को अमेरिका ने नया हमला किया या राष्ट्रपति ट्रंप शुक्रवार के हमले का ही जिक्र कर रहे थे और गलती से शनिवार बोल गए।
रूस ने दी चेतावनी
अमेरिका का दावा है कि वे वेनेजुएला के ड्रग तस्करों की नौकाओं को निशाना बना रहा है। हालांकि अमेरिका ने अभी तक अपने दावे के पक्ष में कोई सबूत नहीं दिया है। वहीं रूस ने अमेरिका के वेनेजुएला की नौकाओं पर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में किए जा रहे हमलों की निंदा की है। रूस ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी हमलों से कैरेबियाई क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है। रूस के विदेश मंत्री ने वेनेजुएला के विदेश मंत्री से रविवार को टेलीफोन पर बात भी की और अमेरिकी हमलों की निंदा की। रूस ने वेनेजुएला के नेतृत्व और वेनेजुएला को लोगों को मौजूदा परिस्थिति में पूरा समर्थन देने की बात कही।
अमेरिका ने कैरेबियाई क्षेत्र में तैनात किए युद्धपोत
अमेरिका के हमलों में वेनेजुएला के 15 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इन हमलों के चलते अमेरिका और वेनेजुएला में तनाव बढ़ गया है। वेनेजुएला ने अमेरिकी हमलों को वेनेजुएला के खिलाफ अघोषित युद्ध करार दिया है। अमेरिका ने भी कैरेबियाई क्षेत्र में अपने कई युद्धपोत तैनात कर दिए हैं। साथ ही लड़ाकू विमानों से भी निगरानी की जा रही है। वेनेजुएला ने भी अपने स्तर पर संभावित संघर्ष की तैयारी शुरू कर दी है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।