असदुद्दीन ओवैसी ने तेजस्वी को बताया शैतान, कहा- 19 फीसद मुसलमान यादवों के आगे नहीं झुकाएंगे सिर

पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव के तारीखों का ऐलान आज शाम 4 बजे हो सकता है। इससे पहले AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी रविवार को किशनगंज जिले के बहादुरगंज पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी प्रत्याशी तौसीफ आलम के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में ओवैसी ने राजद नेता तेजस्वी यादव की तुलना बिना नाम लिए शैतान से की।
साथ ही मजलिस पार्टी छोड़ने वाले चार विधायकों को जालिम और अहसानफरामोश करार देते हुए और जनता से उन्हें हराने की अपील की। असदुद्दीन ओवैसी ने स्थानीय विधायक अंजार नईमी पर 6 करोड़ रुपए लेकर राजद में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि जिसने 6 करोड़ रुपये लेकर अपना ईमान बेच दिया वो आप का भला नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि 6 करोड़ क्या सोच कर लिया था कि वो तुम्हारे या तुम्हारी औलाद के काम आयेगा, तुम्हे गरीबों की चिंता नहीं हुई, अल्लाह इसका फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि धोखे की जवाब बहादुरगंज, कोचाधामन, जोकीहाट, बायसी की जनता देगी।
तेजस्वी को बताया शैतान
उन्होंने कहा कि मेरे किशनगंज आने के बाद पटना में बैठा शैतान अपने लोगो को भेजेगा और कहेगा ओवैसी भड़काऊ भाषण देता है। ओवैसी यही नहीं रुके और उन्होंने आगे कहा कि हमारे चार उन्होंने छीने थे, इंशाअल्लाह हम 24 लायेंगे। असदुद्दीन ओवैसी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आप नेता बनेंगे हम किसी यादव पार्टी के नेता के सामने अपना सिर नहीं झुकाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी समुदाय के लोगों ने अपना नेता बना लिया है लेकिन बिहार के 19 फीसद मुसलमानों ने अपना नेता नहीं बनाया है। उन्होंने कहा जब मजलिस कहती है कि बिहार के 19 फीसद मुसलमानों का एक नेता होना चाहिए, तो सभी के पेट में दर्द शुरू हो जाता है।
वक्फ संशोधन पर हमलावर हुए ओवैसी
अपने संबोधन में असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ संशोधन कानून का भी जिक्र किया और कहा कि हमने नरेंद्र मोदी को कहा कि किसी भी सूरत में मस्जिद और कब्रिस्तानों पर कब्जा नहीं करने देंगे। ओवैसी ने आगे कहा कि संसद में वक्फ कानून के प्रावधानों की धज्जियां उड़ा कर हमने कहा कि सुनो नरेंद्र मोदी और अमित शाह हम अपनी मस्जिदों का सौदा नहीं करेंगे।
अख्तरुल ईमान को कांग्रेस ने दिया था ऑफर
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने मुझे लोकसभा का टिकट देने की पेशकश की थी। लेकिन में असदुद्दीन ओवैसी के साथ हूं। उन्होंने कहा कि बिहार शरीफ में मदरसा को जलाया गया, लेकिन किसी ने आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के घरों को चुन-चुन कर जलाया गया और जब AIMIM वहां गई तो सरकार को मुआवजा देना पड़ा। जबकि तौसीफ आलम ने कहा कि जब वो विधायक थे तो अधिकारियों से बात कर पोस्टमार्टम तक नहीं होने देते थे, लेकिन वर्तमान विधायक के समय में कब्र से लाशों को बाहर निकाला जा रहा है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular