पीएम मोदी ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

मुंबई, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके अलावा वे महानगर वासियों को भूमिगत मेट्रो-3 एक्वा लाइन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री 8 व 9 अक्तूबर को महाराष्ट्र में रहेंगे और इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मुंबई मुंबई में ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर से भी मिलेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए बैठक करेंगे। इसके मद्देनजर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
पीएमओ ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए तैयार है। 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित यह हवाईअड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में एनएमआईए छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के साथ मिलकर काम करेगा। इससे भीड़भाड़ को कम किया जा सकेगा और मुंबई को वैश्विक बहु-हवाई अड्डा प्रणालियों की श्रेणी में शामिल किया जा सके। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 1160 हेक्टेयर क्षेत्रफल के साथ, दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक के रूप में डिजाइन किया गया है। यह हवाई अड्डा अंततः वार्षिक 90 मिलियन यात्रियों (एमपीपीए) और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभाल सकेगा। इसकी अनूठी सुविधाओं में एक स्वचालित पीपल मूवर (एपीएम) शामिल है, जो एक परिवहन प्रणाली है जो सभी चार यात्री टर्मिनलों को सुचारू अंतर-टर्मिनल स्थानांतरण के लिए जोड़ेगी। साथ ही एक लैंडसाइड एपीएम भी है जो शहर के बुनियादी ढांचे को जोड़ेगा। स्थायी प्रथाओं के अनुरूप, इस हवाई अड्डे में स्थायी विमानन ईंधन (एसएएफ) के लिए समर्पित भंडारण, लगभग 47 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और पूरे शहर में सार्वजनिक संपर्क के लिए ईवी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। एनएमआईए देश का पहला हवाई अड्डा भी होगा जो वाटर टैक्सी से जुड़ा होगा।
आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक दौड़ेगी भूमिगत मेट्रो
पीएम मोदी आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 12,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया गया है। इसके साथ ही, वह 37,220 करोड़ से अधिक की लागत से बनी संपूर्ण मुंबई मेट्रो लाइन 3 (एक्वा लाइन) का लोकार्पण करेंगे, जो शहरी परिवहन में मील का पत्थर साबित होगी। यह परियोजना मुंबई की पहली और एकमात्र पूर्ण भूमिगत मेट्रो लाइन के रूप में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आवागमन को नए सिरे से परिभाषित करेगी और यहां के लाखों निवासियों के लिए तेज, अधिक कुशल और आधुनिक परिवहन समाधान प्रदान करेगी। मुंबई मेट्रो लाइन-3, कफ परेड से आरे जेवीएलआर तक 33.5 किलोमीटर तक फैली हुई है, जिसमें 27 स्टेशन हैं। यह प्रतिदिन 13 लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान करेगी। परियोजना का अंतिम चरण 2बी दक्षिण मुंबई के विरासत और सांस्कृतिक स्थल जैसे कि फोर्ट, काला घोड़ा और मरीन ड्राइव के साथ-साथ बॉम्बे हाईकोर्ट, मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नरीमन पॉइंट सहित प्रमुख प्रशासनिक और वित्तीय केंद्रों तक सीधी पहुंच प्रदान करेगा। मेट्रो लाइन-3 को रेलवे, हवाई अड्डों, अन्य मेट्रो लाइनों और मोनोरेल सेवाओं सहित परिवहन के अन्य साधनों के साथ कुशल एकीकरण सुनिश्चित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा और महानगरीय क्षेत्र में भीड़भाड़ कम हो सकेगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular