सीएम योगी ने दी मिनी स्टेडियम की सौगात कहा- खेल में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को सरकार देगी नौकरी

झांसी। झांसी के भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में मंच से योगी आदित्यनाथ ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में सीधी भर्ती देने की बात कही है। उन्होंने कहा यूपी का जो भी खिलाड़ी खेल में पदक जीत कर लायेगा उसे सरकार सीधी नौकरी देगी।
पदक जीतने वाले को सीधी भर्ती
बृहस्पतिवार को झांसी में भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्या भारती की ओर से आयोजित 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह के समापन अवसर पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह समय खत्म हो गया जब लोग कहते थे कि खेलने-कूदने से समय खराब होता है। आज नया दौर है। खेलकूद में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अपना जीवन सजा एवं संवार सकते हैं। कहा, खेल निखारने में खर्च होने वाले पैसा एवं परिश्रम यूपी सरकार व्यर्थ नहीं जाने देगी। यूपी का जो खिलाड़ी पदक जीतेगा सरकार उसे सीधी भर्ती के जरिए नौकरी देगी। डिप्टी एसपी, कानूनगो, खेल अधिकारी पद सीधे खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से अंतर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को दिए जाने वाली पुरस्कार राशि का जिक्र करते हुए कहाकि यूपी सरकार अपने खिलाड़ियों की हरह संभव मदद करेगी। महारानी लक्ष्मी बाई के शौर्य केे साथ ही मशहूर हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए युवकों को विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने की बात कही।कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रीय खेलकूद स्वरों के विजेताओं को सम्मानित भी किया। साथ ही सीएम ने भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की।
पिछली सरकारों में दंगाई और माफिया थे हावी
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में दंगाई और माफिया हावी थे माफिया सौदेबाजी करते थे आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब 1947 में भारत आजाद हुआ था, उसके बाद से खुद को सेक्युलर दिखने की होड़ सी मच गई। भारत के मूल्यों को गाली देने वाले खुद को सेक्युलर कहने लगे। ऐसे लोगों का मंचों पर सम्मान भी किया गया। जबकि, ऐसे लोग अलगाववाद को बढ़ावा देते थे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular