स्टेशन के साथ अब डाकघर से भी कटेगा टिकट, त्योहारी सीजन में यात्रियों के लिए नई सुविधा

नई दिल्ली, एजेंसी। दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान ट्रेन टिकटों के लिए परेशान रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब ट्रेन टिकट बुक कराने के लिए न तो लंबी लाइनों में लगने की जरूरत है और न ही स्टेशन तक जाने की। भारतीय डाक विभाग ने रेलवे मंत्रालय के साथ मिलकर नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत अब लोग अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस से ही ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे। इस कदम का उद्देश्य है कि गांव, कस्बों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी टिकट बुकिंग की सुविधा आसानी से मिल सके, खासकर वहां जहां न तो रेलवे स्टेशन है और न ही आरक्षण काउंटर। यह नई व्यवस्था त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने और ग्रामीण इलाकों में यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
भारतीय डाक विभाग ने रेलवे मंत्रालय के साथ मिलकर देशभर के 333 पोस्ट ऑफिसों में टिकट बुकिंग सेवा शुरू की है। इनमें से ज्यादातर पोस्ट ऑफिस ग्रामीण और अर्ध-शहरी (सेमी-रूरल) इलाकों में स्थित हैं, ताकि दूर-दराज के लोगों को भी यह सुविधा आसानी से मिल सके। इन डाकघरों में पीआरएस टर्मिनल लगाए गए हैं, जिनके ज़रिए रेलवे टिकट बुक किए जा रहे हैं। इस नई व्यवस्था के तहत यात्री सभी क्लास के टिकट स्लीपर, एसी, जनरल आदि बुक कर सकते हैं। यह पहल उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जिन्हें अब टिकट बुकिंग के लिए शहरों या रेलवे काउंटर तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पोस्ट ऑफिस से ऐसे बुक करें ट्रेन टिकट
यात्रियों को रेलवे टिकट बुक करने के लिए स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है। अगर आपके इलाके में PRS टर्मिनल वाला पोस्ट ऑफिस है, तो वहीं से आप टिकट बुक कर सकते हैं। यात्री सबसे पहले यह जानें कि आपके इलाके का कौन-सा पोस्ट ऑफिस पीआरएस से जुड़ा है। क्योंकि यह सुविधा चुनिंदा पोस्ट ऑफिसों में ही उपलब्ध है। पोस्ट ऑफिस से टिकट करते समय यात्रियों से यात्रा से जुड़ी डिटेल मांगी जाएगी। जैसे कहां से कहां तक यात्रा करनी है, तारीख, ट्रेन का नाम या नंबर, और क्लास।
इसके बाद पोस्ट ऑफिस कर्मचारी आपकी जानकारी दर्ज करेंगे और टिकट का किराया लेंगे। आप नकद या डिजिटल पेमेंट दोनों तरीकों से भुगतान कर सकते हैं।भुगतान पूरा होते ही आपका टिकट वहीं पर प्रिंट होकर मिल जाएगा। यह रेलवे का वैध टिकट होगा, जिससे आप सामान्य टिकट की तरह यात्रा कर सकेंगे। हालांकि यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो गांव या छोटे कस्बों में रहते हैं और स्टेशन तक जाने में दिक्कत महसूस करते हैं।
इन लोगों को मिलेगी राहत
रेलवे और डाक विभाग की यह नई पहल खासतौर पर गांवों और छोटे कस्बों में रहने वाले लोगों के लिए राहत लेकर आई है। जहां रेलवे स्टेशन दूर हैं या ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा सीमित है। ऐसे में यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए किसी ट्रैवल एजेंट या स्टेशन जाने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने ही इलाके के पोस्ट ऑफिस से आसानी से ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए भी राहतभरी है जो डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने में सहज नहीं हैं, जैसे वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन। अब वे भी बिना किसी तकनीकी परेशानी के अपने नजदीकी डाकघर से यात्रा के लिए टिकट प्राप्त कर सकेंगे। रेलवे मंत्रालय का मानना है कि यह कदम ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाएगा।
इसलिए पड़ी इसकी जरूरत
दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के दौरान ट्रेन टिकटों की मांग चरम पर होती है। इस समय रेलवे की वेबसाइट और काउंटरों पर भारी भीड़ लग जाती है। कई बार तो सर्वर डाउन होने जैसी दिक्कतों के कारण यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाते। ऐसे में पोस्ट ऑफिस से टिकट बुकिंग की नई सुविधा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। अब लोग अपने नजदीकी डाकघर से ही टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे रेलवे स्टेशन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव घटेगा। रेलवे मंत्रालय का कहना है कि इस पहल से त्योहारों के दौरान यात्रियों को न केवल आसानी होगी, बल्कि टिकट बुकिंग प्रक्रिया भी तेज और सुगम बनेगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular