एक तरफ पाक कर रहा अफगानिस्तान पर अटैक, दूसरी तरफ तालिबान ने बढ़ा ली इस मुस्लिम देश से दोस्ती, अब होगा बड़ा फायदा

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच इन दिनों तनाव बढ़ रहा है। दोनों देश एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं। हाल ही में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 48 घंटे के लिए सीजफायर पर सहमति बनी थी। इसके बाद दोनों की तरफ से हमले रोक दिए गए थे, लेकिन शुक्रवार रात पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया और अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक की।
जहां एक तरफ पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान पर अटैक कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ अफगानिस्तान अब ईरान से दोस्ती बढ़ा रहा है। अफगानिस्तान और ईरान के बीच रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। हाल ही में ईरान के विदेश मंत्रालय में दक्षिण एशियाई मामलों के निदेशक मोहम्मद रजा बहारमी ने ऐलान किया कि ईरान अफगान नागरिकों को 2 लाख वर्क वीजा जारी करेगा। टोलो न्यूज के मुताबिक, अफगानिस्तान के शरणार्थी और पुनर्वास मंत्री मौलवी अब्दुल कबीर ने ईरान के विदेश मंत्रालय में दक्षिण एशियाई मामलों के निदेशक मोहम्मद रजा बहारमी से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने ईरान में रह रहे अफगान शरणार्थियों की स्थिति और हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान बहारमी ने काबुल और तेहरान के बीच व्यापारिक संबंधों में हुई बड़ी प्रगति पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि ईरान अफगान नागरिकों को 2 लाख वर्क वीजा जारी करेगा। उन्होंने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हाल में बढ़े तनाव को चिंता का विषय बताया और कहा कि अगर इस्लामिक अमीरात इसकी मंजूरी देता है तो ईरान काबुल और इस्लामाबाद के बीच मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। मौलवी अब्दुल कबीर ने ईरान से अपील की कि वो अफगान शरणार्थियों के साथ दया और इंसानियत से पेश आए और उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी मेजबान देशों से यह भी कहा कि वो अफगान शरणार्थियों को जबरदस्ती वापस न भेजें। ईरानी सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, ईरान में 7 लाख 50 हजार अफगान नागरिक रहते हैं।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शुरू हुआ तनाव दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। दोनों देशों के बीच 48 घंटे का सीजफायर हुआ था। लेकिन, पाकिस्तान इसके बाद भी नहीं माना और उसने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के अरगुन और बरमल जिलों पर एयर स्ट्राइक की। तालिबान ने दावा किया है कि डूरंड लाइन से सटे इलाकों में हमले किए गए हैं। इस बीच काबुल ने दावा किया है कि पाकिस्तान की तरफ से किए गए इन हमलों में 10 लोगों की मौत हुई है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पिछले करीब सात दिनों से यह हमले करने का सिलसिला चल रहा है। इसकी शुरुआत पाकिस्तान ने की थी। पाकिस्तान ने पहले अफगानिस्तान पर हमला किया था। इसी के बाद फिर अफगानिस्तान ने पाक पर भीषण प्रहार किया। इस हमले में पाक के 58 सैनिकों की मौत हो गई थी। इसी के बाद फिर अब पाक ने तालिबान शासन पर अटैक करने की हिमाकत की है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular