यूक्रेन ने किया रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, दागे 193 ड्रोन, दो एयरपोर्ट को करना पड़ा बंद

यूक्रेन, एजेंसी। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन ने मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। रूस के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन ने 26-27 अक्टूबर की रात मॉस्को पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया। मॉस्को पर 34 ड्रोन दागे गए। स्थानीय समयानुसार रविवार रात लगभग 10 बजे (1900 GMT) से शुरू हुए ड्रोन हमले 5 घंटे तक चले।
रॉयटर्स के मुताबिक, रूस ने सोमवार को कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणालियों ने रातभर में 193 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए, जिनमें से 34 ड्रोन मॉस्को को निशाना बना रहे थे और 47 ब्रियान्स्क क्षेत्र में, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हुए। इस हमले के चलते मॉस्को के दोमोदेदोमो और झुकोव्स्की एयरपोर्ट को थोड़ी देर के लिए बंद करना पड़ा।
हमलों में एक शख्स की हुई मौत
ब्रियान्स्क, जो रूस के दक्षिण-पश्चिम में यूक्रेन की सीमा के पास है, इस एरिया में एक यूक्रेनी ड्रोन ने मिनीबस को निशाना बनाया, जिससे चालक की मौत हो गई और 5 यात्रियों को चोटें आईं, क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्ज़ेंडर बोगोमाज़ ने टेलीग्राम ऐप पर इसकी जानकारी दी।
मॉस्को के एयरपोर्ट हुए बंद
रूस के राष्ट्रपति, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने टेलीग्राम पर बताया कि मॉस्को के ऊपर उड़ रहे ड्रोन को 6 घंटे के अंदर मार गिराया गया। इस हमले के चलते मॉस्को के 4 हवाई अड्डों में से दो, डोमोदेदोवो एयरपोर्ट और छोटा झुकोव्स्की एयरपोर्ट, लगभग 2।5 घंटे के लिए (2240 GMT से) हवाई सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बंद रहे।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने अपने दैनिक रिपोर्ट में टेलीग्राम पर बताया कि मॉस्को और ब्रियान्स्क क्षेत्र के ऊपर नष्ट किए गए ड्रोन के अलावा, रूसी प्रणालियों ने देश के पश्चिम और दक्षिण के 11 अन्य क्षेत्रों में भी ड्रोन को मार गिराया।
यूक्रेन ने नहीं की हमले पर टिप्पणी
जहां एक तरफ रूस दावा कर रहा है कि यूक्रेन ने उस पर हमला किया है। वहीं, दूसरी तरफ यूक्रेन की ओर से इस हमले को लेकर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं आई है। कीव ने पहले कहा था कि उसके हमले रूस के युद्ध संचालन के लिए अहम बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के मकसद से हैं।
पहले रूस ने किया था ड्रोन अटैक
इससे पहले अल जज़ीरा ने बताया कि यूक्रेनी वायुसेना ने दावा किया था कि रूस ने रविवार की रात यूक्रेन पर 101 ड्रोन हमले किए, जिनमें से 90 ड्रोन को मार गिराया और बेअसर कर दिया गया।
यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लीमेंको ने रविवार को कहा कि कम से कम 29 लोग घायल हुए, जिनमें 7 बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने कम से कम 3 लोगों की मौत की पुष्टि की। बयान के अनुसार, 5 ड्रोन ने 4 स्थानों को निशाना बनाया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular