ट्रंप प्रशासन पर बढ़ा शटडाउन खत्म करने का दबाव, उपराष्ट्रपति वेंस बोले- सैनिकों का वेतन दिया जाएगा

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका में बीते कई दिनों से जारी शटडाउन के चलते अब सरकार और कांग्रेस पर दबाव बढ़ रहा है। अमेरिकी सेना के जवानों का वेतन भी अटक गया है। हालांकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने साफ किया है कि इस सप्ताह के अंत तक सैन्यकर्मियों का वेतन मिल जाएगा। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि सरकार पैसों का इंतजाम कैसे करेगी। अमेरिका में जारी शटडाउन लगातार गंभीर होता जा रहा है और अब लाखों अमेरिकियों के सामने खाद्य संकट पैदा हो गया है क्योंकि सरकार द्वारा दी जाने वाली खाद्य सहायता बंद हो सकती है।
कांग्रेस में शटडाउन खत्म करने के लिए नहीं बन पा रही सहमति
अमेरिका में शटडाउन के चलते कई संघीय कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिल पा रहा है। कैपिटल में सीनेट रिपब्लिकन के साथ दोपहर के भोजन के बाद वेंस ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमें लगता है कि हम सैनिकों को वेतन देना जारी रख सकते हैं, कम से कम अभी के लिए। हम यथासंभव अधिक से अधिक लाभ जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन हमें बस डेमोक्रेट्स की मदद की जरूरत है।’ सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी को अस्थायी धन का इस्तेमाल करने के लिए डेमोक्रेट्स के समर्थन की जरूरत है, लेकिन करीब एक महीना बीतने के बाद भी गतिरोध समाप्त नहीं हो सका है।
संघीय कर्मचारी संघ ने की अपील
अमेरिका के सबसे बड़े संघीय कर्मचारी संघ ने सरकार और विपक्ष से अपील की है कि शटडाउन को खत्म करने के लिए तुरंत उपाय किए जाएं। संघ ने कांग्रेस से तुरंत एक वित्त पोषण विधेयक पारित करने और कर्मचारियों को पूरा वेतन सुनिश्चित करने की अपील की। अमेरिकन फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट एम्प्लॉइज के अध्यक्ष एवरेट केली ने कहा कि ‘अब समय आ गया है कि एक स्पष्ट प्रस्ताव पारित किया जाए और आज ही इस शटडाउन को समाप्त किया जाए। कोई आधा-अधूरा उपाय नहीं, और कोई चालाकी नहीं।’
सैन्य कर्मियों को वेतन देना सरकार के लिए चुनौती
अमेरिका के 13 लाख सक्रिय सैन्य कर्मियों को वेतन मिलना मुश्किल हो गया है। इस महीने की शुरुआत में ट्रंप प्रशासन ने सैन्य अनुसंधान और विकास निधि से 8 अरब डॉलर निकालकर सैन्यकर्मियों को वेतन दिया। वेंस ने मंगलवार को यह नहीं बताया कि इस बार रक्षा विभाग सैनिकों के वेतन का भुगतान कैसे करेगा। इससे भी बड़ी बात यह है कि ट्रंप प्रशासन का कहना है कि खाद्य सहायता कार्यक्रम के लिए धन शुक्रवार को समाप्त हो जाएगा, जिस पर 4.2 करोड़ अमेरिकी अपने किराने के बिलों के भुगतान के लिए निर्भर हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular