जी20 समिट में नहीं जाएंगे ट्रंप, जयराम रमेश क्यों बोले- कभी न कभी, कहीं न कहीं…

वॉशिंगटन, एजेंसी। दक्षिण अफ्रीका में होने वाले G-20 सम्मेलन में अमेरिका हिस्सा नहीं लेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ऐलान किा कि G20 शिखर सम्मेलन में कोई भी अमेरिकी सरकारी अधिकारी शामिल नहीं होगा। उन्होंने शिखर सम्मेलन को दक्षिण अफ्रीका में आयोजित करने के फैसले को पूरी तरह से अपमानजनक बताया है।
ट्रंप ने इसके पीछे श्वेत अफ्रीकी किसानों के खिलाफ कथित दुर्व्यवहारों, जिनमें हिंसा, मौतें और उनकी जमीन जब्त करना शामिल है, का हवाला देते हुए ज़ोर दिया कि उनके साथ हो रहे व्यवहार को लेकर चिंताएं ही अमेरिकी बहिष्कार का कारण हैं। इससे पहले इस मुद्दे पर व्हाइट हाउस में ट्रंप और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के बीच तीखे बहस हो चुकी है।
अमेरिका के बहिष्कार के बाद कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा अब जबकि राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा कर दी है कि वह कुछ दिनों बाद 22-23 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे, तो हम निश्चिंत हो सकते हैं कि स्वयंभू विश्वगुरु स्वयं व्यक्तिगत रूप से इसमें शामिल होंगे। कभी न कभी, कहीं न कहीं…।
अमेरिका के बहिष्कार का असर भारत भी पड़ सकता है। अमेरिका और भारत के बीच व्यापार को लेकर बातचीत जारी है। अमेरिका की ओर से भारत के ऊपर टैरिफ लगाने के बाद आई दूरी के बीच इस समिट में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात की उम्मीद जताई जा रही थी, जो अब खत्म हो गई है।
ट्रंप प्रशासन लंबे समय से लगा रहा आरोप
ट्रंप प्रशासन लंबे समय से अल्पसंख्यक श्वेत अफ़्रीकी किसानों के खिलाफ कथित उत्पीड़न और हमलों के लिए दक्षिण अफ्रीकी सरकार की आलोचना करता रहा है। जब अमेरिका ने शरणार्थियों के वार्षिक प्रवेश को 7500 तक सीमित कर दिया था, तो प्रशासन ने सुझाव दिया था कि इनमें से अधिकांश स्थान श्वेत दक्षिण अफ्रीकियों को आवंटित किए जाएंगे, क्योंकि उन्होंने अपने देश में उनके खिलाफ भेदभाव और हिंसा का हवाला दिया था। हालांकि दक्षिण अफ्रीका सरकार ने ऐसे सभी आरोपों को खारिज किया है। इस साल की शुरुआत में विदेश मंत्री मार्को रुबियो जी-20 विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे। क्योंकि यह विविधता, समावेशिता और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर केंद्रित था।
G-20 सम्मेलन
जी-20 की बीसवां सम्मेलन इस साल जोहान्सबर्ग में हो रहा है। G-20 राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की यह बैठक 22 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली है। यह जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका और अफ्रीकी महाद्वीप में आयोजित होने वाला पहला जी-20 शिखर सम्मेलन होगा।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular