भारत पर टैरिफ कम करेगा अमेरिका, ट्रेड डील पर राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा बयान

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समय) को भारत के साथ व्यापार समझौते के और करीब आने का संकेत दिया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी समय, अमेरिका भारत पर टैरिफ कम कर सकता है। ट्रंप ने यह टिप्पणी सर्जियो गोर के भारत में राजदूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान की।
अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि हम भारत के साथ एक समझौता कर रहे हैं। अभी वे मुझे पसंद नहीं करते, लेकिन वे हमें फिर से पसंद करेंगे। हमें एक उचित सौदा मिल रहा है। मुझे लगता है कि हम एक ऐसे समझौते के बहुत करीब हैं जो सभी के लिए अच्छा है।
भारत के साथ व्यापार समझौते के करीब
सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण के बाद ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने एक सवाल का जवाब दिया कि भारत के साथ व्यापार समझौता कितना करीब है और क्या वह नई दिल्ली पर टैरिफ कम करने पर विचार करेंगे। इस पर, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ठीक है, अभी, रूसी तेल की वजह से भारत पर टैरिफ बहुत अधिक हैं, और उन्होंने रूसी तेल का व्यापार काफी हद तक कम कर दिया गया है। तो हां, हम टैरिफ को कम करने जा रहे हैं।
ट्रंप ने की भारत की तारीफ
इससे पहले भारत में अमेरिका के नए राजदूत और दक्षिण-एशिया विशेष दूत नियुक्त हुए सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण समारोह में ट्रंप ने भारत की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है, सबसे बड़ा देश है और यहां 1।5 अरब से ज्यादा लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी के साथ संबंध शानदार हैं और सर्जियो गोर ने इसे और मजबूत किया है।
द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अच्छी बातचीत
इससे पहले 5 नवंबर को, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिया था कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत बहुत अच्छी तरह से चल रही है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि कई संवेदनशील और गंभीर मुद्दे हैं और इसमें समय लगेगा। मंत्री गोयल ने बताया था कि अब तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए मार्च से पांच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है, जिसे शुरू में 2025 की शरद ऋतु’ तक हस्ताक्षरित करने का निर्णय लिया गया था।
व्यापार समझौते का लक्ष्य 500 बिलियन डॉलर
दोनों देशों के नेताओं के निर्देशों के बाद फरवरी में औपचारिक रूप से प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते का लक्ष्य 2030 तक व्यापार की मात्रा को मौजूदा 191 बिलियन अमरीकी डॉलर से दोगुना करके 500 बिलियन अमरीकी डॉलर करना है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सितंबर में अमेरिका में थे, जहां उन्होंने उच्च स्तरीय व्यापार वार्ता का नेतृत्व किया क्योंकि दोनों देश एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं।
गोयल के साथ मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी था, जिसमें विशेष सचिव और भारत के मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल भी शामिल थे। सितंबर के मध्य में, दक्षिण और मध्य एशिया के लिए सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में संयुक्त राज्य के अधिकारियों की एक टीम ने नई दिल्ली में भारत के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के साथ सकारात्मक चर्चा की थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular