दिल्ली के बाद अब इस्लामाबाद दहला : कोर्ट के बाहर कार में जबरदस्त धमाका, 12 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा जख्मी

इस्लामाबाद ,11 नवंबर। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद मंगलवार को एक जबरदस्त धमाके से दहल गई। शहर के एक जिला अदालत के निकट एक वाहन में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। यह घटना दिल्ली में सोमवार को हुए धमाके के ठीक एक दिन बाद घटी है, जिसने सुरक्षा को लेकर चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट जी-11 इलाके में स्थित जिला न्यायिक परिसर के गेट के बाहर हुआ। बताया जा रहा है कि एक खड़ी कार में यह धमाका हुआ। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह गैस सिलेंडर का विस्फोट था या कोई आत्मघाती हमला।
अदालत में मची अफरा-तफरी
यह धमाका दोपहर लगभग 12:30 बजे हुआ, जब अदालत में कामकाज चरम पर था। विस्फोट की वजह से अदालत परिसर में मौजूद वकीलों और आम लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी जबरदस्त थी कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
धमाके की चपेट में आकर आसपास खड़े कई अन्य वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि मृतकों में वकील, चालक और सड़क पर चलने वाले आम लोग शामिल हैं। घायलों की संख्या 20 से 25 बताई जा रही है, जिनमें अधिकांश वकील और अदालत के कर्मचारी हैं। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कल ही सेना ने नाकाम किया था हमला
गौरतलब है कि इस्लामाबाद में यह विस्फोट ऐसे समय में हुआ है, जब एक दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान सीमा से सटे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के वाना शहर में एक सैन्य कॉलेज पर आतंकियों के हमले की कोशिश को नाकाम किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, एक आत्मघाती कार हमलावर और पांच अन्य आतंकियों ने उस संस्थान को निशाना बनाने की कोशिश की थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular