लेटेस्ट न्यूज़
21 Dec 2025, Sun

इंडोनेशिया के सेंट्रल जावा में भूस्खलन की घटना, 2 की मौत और 21 लापता

जकार्ता , एजेंसी। इंडोनेशिया के मध्य जावा में गुरुवार रात को भूस्खलन की घटना सामने आई। भूस्खलन की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, और तीन अन्य घायल हो गए। 21 लोग लापता हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार सुबह यह जानकारी दी।
सिन्हुआ के अनुसार, प्रांतीय डिजास्टर मैनेजमेंट एंड मिटिगेशन एजेंसी की इमरजेंसी यूनिट के प्रमुख मोहम्मद चोमसुल के अनुसार, सिलाकैप रीजेंसी के सिब्यूनयिंग गांव के सिबुयुत और तारुकाहान बस्तियों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। एजेंसी के अधिकारी ने सिन्हुआ से टेलीफोन पर बातचीत की। अधिकारी ने फोन पर बताया, भूस्खलन रिहायशी इलाकों में हुआ और हताहत हुए। दो लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए और 21 अन्य लापता हो गए।
चोमसुल ने बताया कि लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है, जिसमें स्थानीय आपदा एजेंसी, स्थानीय खोज और बचाव कार्यालय, सेना, अन्य सरकारी संस्थानों और स्वयंसेवकों के कर्मचारी शामिल हैं। अभियान में सहायता के लिए भारी मशीनरी तैनात की गई है।
इससे पहले पिछले हफ्ते जकार्ता में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में धमाके की घटना सामने आई। इस धमाके में 55 लोग घायल हो गए थे। एजेंसी ने पुलिस प्रमुख असेप एडी सुहेरी के हवाले से जानकारी दी कि इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक स्कूल के अंदर स्थित मस्जिद में धमाका हुआ है, जिसमें 54 लोग घायल हो गए।
यह विस्फोट शुक्रवार दोपहर के आसपास उत्तरी जकार्ता में नौसेना परिसर में स्थित मस्जिद में हुआ था। धमाके के बाद कमरे में धुआं भर गया था और लोग बाहर की तरफ भाग रहे थे। इस दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ था और धमाके को लेकर आतंकी हमले की आशंका भी जताई गई।
शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा था कि शॉर्ट सर्किट या किसी खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कारण विस्फोट हुआ होगा। स्थानीय मीडिया ने धमाके के बाद की तस्वीरें भी साझा की थीं, जिसमें पुलिस इलाके की घेराबंदी करती हुई दिखाई दे रही थी और रेस्क्यू टीम भी वहां मौजूद थी। मस्जिद की तस्वीरों में ढांचों को हल्के-फुल्के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। हालांकि, जिस कमरे में नमाज पढ़ी जा रही थी, उसे जांच के लिए सील कर दिया गया है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।