साइबर अटैक से टाटा की इस कंपनी में घमासान, 1 मिनट में निवेशकों के 10,476 करोड़ रुपए डूबे

नई दिल्ली ,17 नवंबर। टाटा ग्रुप की पैसेंजर व्हीकल कंपनी के निवेशकों के लिए सोमवार का दिन बेहद खराब साबित हुआ। कंपनी के शेयरों में 7 फीसदी से ज्यादा की ज़बरदस्त गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों में घबराहट फैल गई। खास बात यह है कि डिमर्जर के बाद टाटा ग्रुप की इस व्हीकल कंपनी में यह अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है।
इस भारी बिकवाली के चलते कंपनी की वैल्यूएशन (बाजार पूंजी) को 10,476 करोड़ रुपए का भारी नुकसान हुआ है। जानकारों के मुताबिक, कंपनी की लग्जरी कार विंग जगुआर लैंड रोवर पर हुए साइबर हमले की वजह से यह गिरावट आई है।
साइबर हमले से एबिट मार्जिन घटा
हाल ही में टीएमपीवी की ओर से अपने तिमाही नतीजे जारी किए गए थे, जिसमें यह जानकारी दी गई कि कंपनी की लग्जरी कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर पर हुए साइबर हमले से परफॉर्मेंस पर काफी असर पड़ा है।
इसी वजह से कंपनी ने अपनी लग्जरी आर्म के एबिट मार्जिन के अनुमान को 5 से 7 फीसदी से घटाकर 0 से 2 फीसदी कर दिया है। जैसे ही यह खबर बाजार में फैली, निवेशकों ने शेयरों की बिकवाली शुरू कर दी।
52 हफ्तों के निचले स्तर के करीब शेयर
सोमवार को बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का शेयर 7.26 फीसदी की गिरावट के साथ 363.15 रुपए पर आ गया। यह कीमत अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर से महज 8.30 फीसदी ही ज्यादा है। जानकारों का कहना है कि अगर गिरावट जारी रही तो यह शेयर 52 हफ्तों के नए निचले रिकॉर्ड को भी तोड़ सकता है।
एक मिनट में 10,476 करोड़ ‘स्वाहा’
शेयर में आई इस सुनामी की वजह से कंपनी की वैल्यूएशन को भी तगड़ा झटका लगा। आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को कंपनी की वैल्यूएशन 1,44,200.10 करोड़ रुपए थी, जो सोमवार को कारोबारी सत्र के महज एक मिनट बीत जाने के बाद ही 1,33,723.86 करोड़ रुपए पर आ गई। इसका मतलब है कि सिर्फ एक मिनट में निवेशकों के 10,476.24 करोड़ रुपए डूब गए। दोपहर 12 बजे तक, कंपनी का शेयर 4.62 फीसदी की गिरावट के साथ 373.50 रुपए पर कारोबार कर रहा था। यह लगातार 5वां दिन है जब टीएमपीवी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। 10 नवंबर को 410.60 रुपए के स्तर से अब तक यह शेयर 11.55 फीसदी टूट चुका है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular