‘परिवार में भी कभी-कभी थोड़ी बहुत नोक-झोंक तो होती रहती है’, भारत-अमेरिका संबंधों पर बोले पीयूष गोयल

नई दिल्ली, एजेंसी। बाकी दुनिया की तरह अमेरिका भी भारत के साथ मजबूत रिश्ता साझा करता है। यह बात केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने IACC के 22वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत को एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में देखता है। हम दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्य का विस्तार करने के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध हैं।
भारत ने अमेरिका के साथ बड़े एलपीजी समझौते पर किया हस्ताक्षर
गोयल ने कहा कि भारत-अमेरिकी साझेदारी की कहानी को दो विश्वसनीय साझेदारों के रूप में वर्णित किया जा सकता है, जो न केवल दोनों देशों की, बल्कि पूरे विश्व की साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने कुछ दिन पहले ही एक बड़े एलपीजी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत हम हर साल लंबी अवधि के लिए 2.2 मिलियन टन एलपीजी आयात किया जाएगा।
दोनों देशों के संबंधों में नहीं है कोई दरार
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि संबंधों में कोई दरार है। यह दोनों देशों, अमेरिका और भारत, के लिए बहुत महत्वपूर्ण और रणनीतिक बना हुआ है। हमने अभी-अभी अमेरिका के युद्ध विभाग और भारतीय रक्षा मंत्रालय के साथ 10 साल के रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
भारत अपनी हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि परिवार में भी कभी-कभी थोड़ी बहुत नोक-झोंक तो होती रहती है। बातचीत एक प्रक्रिया है और एक राष्ट्र के रूप में भारत को अपने हितों, अपने हितधारकों, व्यवसायों के हितों की रक्षा करनी है और इसे अपनी संवेदनशीलताओं, किसानों, मछुआरों और लघु उद्योगों के साथ संतुलित करना है। जब हम सही संतुलन बना लेंगे, तो आप निश्चिंत रह सकते हैं कि हमें इस मामले में अच्छे परिणाम भी मिलेंगे, लेकिन दोस्ती बहुत स्थायी है और साझेदारी लगातार बढ़ रही है। हमें चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। हम लोकतंत्र के बहुत मजबूत स्तंभ पर खड़े हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular