ट्रंप ने दोहराया भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा, कांग्रेस का तंज- गिनती अब 60 हुई

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने का दावा किया गया है। ट्रंप ने बुधवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के सामने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े दावे किए। इसे लेकर बुधवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तंज कसा और कहा कि अब ट्रंप की तरफ से ऐसे दावों की गिनती 60 तक पहुंच गई है।
ट्रंप ने के दावों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, “जब लगा कि दावे बंद हो गए हैं, राष्ट्रपति ट्रंप ने दुनिया को फिर याद दिला दिया। सऊदी क्राउन प्रिंस के साथ बैठक में ट्रंप ने दोहराया कि उन्होंने हस्तक्षेप कर ऑपरेशन सिंदूर को रोकने में भूमिका निभाई थी।’
रमेश ने कहा, “बेशक, वह इससे पहले सऊदी अरब, कतर, मिस्र, ब्रिटेन, नीदरलैंड, जापान और कई अन्य प्रेस वार्ताओं में भी यह दावा कर चुके हैं। अब गिनती 60 हो गई है।”
सऊदी क्राउन प्रिंस के साथ बैठक क्या बोले थे ट्रंप?
द्विपक्षीय बैठक में ट्रंप ने कहा, “मैंने वास्तव में आठ युद्ध रोके हैं। एक और बाकी है, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन वाला। मैं पुतिन से थोड़ा हैरान हूं, इसमें थोड़ा ज्यादा समय लग गया, लेकिन हमने भारत और पाकिस्तान को रोका। काश मैं पूरी सूची बता पाता। आप लोग सूची मुझसे बेहतर जानते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे बहुत गर्व है और मैंने एक ऐसा संघर्ष भी रोका जो दोबारा शुरू होने को था। यह सब यहीं ओवल ऑफिस में हुआ, चाहे फोन पर या नेताओं के यहां आने से। कई नेताओं ने यहीं ओवल ऑफिस में शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।”
ट्रंप 10 मई से अब तक कई बार यह दावा दोहरा चुके हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने में उनकी भूमिका रही, जबकि भारत लगातार किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से इनकार करता रहा है। इससे पहले कांग्रेस ने इसी महीने प्रधानमंत्री मोदी पर भी तंज कसा था। तब ट्रंप ने कहा था कि भारत ने काफी हद तक रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है। इस पर कांग्रेस ने पूछा था, “इस सब पर हाउडी मोदी क्या कहते हैं?”

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular