लेटेस्ट न्यूज़
21 Nov 2025, Fri

न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को हराया, सीरीज में बनाई अजेय बढ़त

नईदिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराते हुए सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की। नेपियर में बारिश के चलते 34-34 ओवरों का मैच खेला गया, जिसमें वेस्टइंडीज ने 247/9 का स्कोर बनाया। मेहमान टीम से कप्तान शाई होप ने शतक (109*) लगाया। जवाब में मेजबान टीम ने 33.3 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 86 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। आधी टीम के पवेलियन लौट जाने के बाद कप्तान होप ने बेहतरीन शतक लगाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में न्यूजीलैंड से रचिन रविंद्र (56) और डेवोन कॉनवे (90) ने 106 रन की साझेदारी की। इनके आउट होने के बाद मध्यक्रम में टॉम लैथम (39*) और मिचेल सैंटनर (34*) ने जीत दिलाई।
होप ने 69 गेंदों में 13 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत नाबाद 109 रन बनाए। वह वेस्टइंडीज से संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 142 पारियों में 19 शतक लगाए हैं, जबकि ब्रायन लारा ने अपने वनडे करियर में 285 पारियों के बाद क्व19 शतकों की मदद से 10,348 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल (25) के नाम पर दर्ज है।
होप वनडे में 6,000 रन पूरे करने वाले वेस्टइंडीज के कुल 7वें बल्लेबाज बने। वह अब क्रिस गेल, ब्रायन लारा, शिवनारायण चंद्रपॉल, डेसमंड हेंस, विवियन रिचर्ड्स और रिची रिचर्ड्सन की सूची में शामिल हुए हैं। बता दें कि गेल और लारा ही 10,000 से अधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं, चंद्रपॉल ने 8778 रन, हेंस ने 8,648 रन, रिचर्ड्स ने 6,721 रन और रिची ने 6,248 रन बनाए थे।
स्मिथ ने 7 ओवर गेंदबाजी की और 42 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 6 की रही। इस खिलाड़ी ने ऐकीम ऑगस्टे (22), रोस्टन चेज (2), जस्टिन ग्रीव्स (22) और मैथ्यू फोर्ड (21) को अपना शिकार बनाया। यह उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज हुआ। उन्होंने अब तक 14 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 14 पारियों में उन्होंने 32.50 की औसत से 18 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.71 की रही है।
कॉनवे ने 84 गेंदों का सामना किया और 90 रन बनाए। उनके बल्ले से 13 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 107.14 की रही। ये उनके वनडे करियर का 5वां अर्धशतक रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस खिलाड़ी ने दूसरा अर्धशतक लगाया। अब तक कॉनवे ने 39 वनडे खेले हैं और 45.82 की औसत से 1,604 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक भी निकले हैं।
न्यूजीलैंड ने जब 29.1 ओवर के बाद 194 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब सैंटनर क्रीज पर आए। उन्होंने 15 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन बनाए। उनके अलावा लैथम ने 29 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का लगाया। सैंटनर और लैथम ने मिलकर छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।