दिल्ली की जहरीली हवा पर कृति सेनन ने जताई चिंता, बोलीं- कदम उठाना होगा, कांग्रेस नेता ने किया धन्यवाद

दिल्ली की बिगड़ती हवा एक बार फिर चर्चा में है और इस बार आवाज उठाई है बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन ने। अपनी आने वाली फिल्म ‘तेरे इश्क में’ के प्रमोशन के लिए राजधानी पहुंचीं कृति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदूषण पर खुलकर चिंता जताई।
दिल्ली के प्रदूषण पर बोलीं कृति
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कृति ने अपने दिल्ली कनेक्शन को याद करते हुए बताया कि वो बचपन से इस शहर की हवा, मौसम और जीवन को जानती हैं। उनके अनुसार बीते कुछ वर्षों में बदलाव सिर्फ दिखाई नहीं देता, बल्कि महसूस भी होता है। उन्होंने कहा कि जिस स्तर तक प्रदूषण पहुंच चुका है, अगर कदम नहीं उठाए गए तो हालत ऐसे हो जाएंगे कि लोग पास खड़े होकर भी एक-दूसरे को देख नहीं पाएंगे।
कांग्रेस नेता ने जताया आभार
कृति सेनन के इस बयान को सुनने के बाद कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने उन्हें धन्यवाद कहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं उनका धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने यह मुद्दा उठाया। दिल्ली का प्रदूषण हर कोई देख रहा है, बस दिल्ली सरकार को छोड़कर।’
धनुष के साथ काम करने का अनुभव
‘तेरे इश्क में’ में कृति के साथ नजर आने वाले हैं साउथ सुपरस्टार धनुष। उनके साथ काम करने को लेकर कृति ने कहा कि धनुष एक बेहतरीन कलाकार हैं, जिनकी समझ, सहजता और अनुभव सेट पर हर पल दिखती है। कृति ने बताया कि धनुष की गहराई और अभिनय की बारीकियों को समझने की क्षमता उनके साथ हर सीन को खास बना देती है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि कई बार किसी इमोशनल या इंटेंस सीन के बाद दोनों बस एक-दूसरे को देखते और कहते- हां, ये सीन जम गया!’
फिल्म की कहानी और रिलीज
आनंद एल. राय के निर्देशन में बनी ‘तेरे इश्क में’ 28 नवंबर 2025 को बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली है। टी-सीरीज और कलर येलो प्रोडक्शन द्वारा निर्मित यह फिल्म दिल्ली के कई हिस्सों में शूट की गई है। ए.आर. रहमान के संगीत और इरशाद कामिल के गीतों के साथ यह रोमांटिक ड्रामा पहले से ही चर्चा में है। फिल्म हिंदी और तमिल- दो भाषाओं में रिलीज की जाएगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular