‘हैदराबाद-बेंगलुरु खंड को घोषित करें रक्षा-एयरोस्पेस कॉरिडोर घोषित’, सीएम रेड्डी ने पीएम मोदी से की मांग

हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया (SAESI) के संयंत्र का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से बंगलूरू-हैदराबाद के हिस्से को रक्षा और एयरोस्पेस कॉरिडोर घोषित करने का अनुरोध किया।
वाणिज्यिक विमानों को ताकत देने वाले लीप इंजनों के लिए फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधा का उद्घाटन कार्यक्रम हैदराबाद मे आयोजित हुआ। सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में तेलंगाना से एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में निर्यात दोगुना हो गया है और केवल नौ महीनों में 30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है, जो फार्मा निर्यात से भी अधिक है।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा, ‘तेलंगाना को नागरिक उड्डयन मंत्रालय से एयरोस्पेस पुरस्कार मिला है। एयरोस्पेस निवेश आकर्षित करने के लिए कौशल विकास एक बहुत ही महत्वपूर्ण मानदंड है। मैं प्रधानमंत्री से बेंगलुरु-हैदराबाद खंड को रक्षा और एयरोस्पेस कॉरिडोर घोषित करने का अनुरोध कर रहा हूं।’
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार 30,000 एकड़ क्षेत्र में भारत फ्यूचर सिटी का निर्माण कर रही है। इस दौरान सीएम रेड्डी ने पीएम मोदी समेत सभी को तेलंगाना राइजिंग 2047- ग्लोबल समिट में आमंत्रित किया। यह समिट 8 और 9 दिसंबर को भारत फ्यूचर सिटी में आयोजित की जाएगी। इसमें 2035 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के कांग्रेस सरकार के दृष्टिकोण का अनावरण किया जाएगा।
रेड्डी ने कहा कि वाणिज्यिक विमानों में इस्तेमाल होने वाले लीप इंजन के लिए फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान की एमआरओ सुविधा, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में तेलंगाना के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी। रेवंत रेड्डी, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, तेलंगाना के मंत्री श्रीधर बाबू और अन्य ने शमशाबाद के पास जीएमआर एयरो पार्क (एसईजेड) में राफेल विमान में इस्तेमाल होने वाले एम88 इंजन के लिए स्थापित की जा रही नई एमआरओ इकाई के शिलान्यास समारोह में भी हिस्सा लिया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular