कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर चलाया प्रधानमंत्री मोदी का चाय बेचते हुए एआई वीडियो, मचा बवाल

नईदिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कार्यवाही में अराजकता बढ़ाने वाले बड़ा घटनाक्रम में सामने आया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनाया गया चाय बेचते हुए का वीडियो साझा कर बड़े विवाद को जन्म दे दिया है। यह वीडियो भले ही व्यंग्यात्मक शैली में बनाया गया हो, लेकिन भाजपा के लिए यह एक गंभीर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। भाजपा ने इस पर कड़ा विरोध भी जताया है।
कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता रागिनी नायक ने देर रात एक्स पर एक एआई जनित वीडियो साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में केतली और गिलास लेकर चाय बेचते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो के शीर्षक में रागिनी ने लिखा है, अब ई कौन आया बे। यह वीडियो देखने में भले ही मजाकिया लगे, लेकिन इसका राजनीतिक असर कहीं ज्यादा गहरा हुआ है। भाजपा ने इस वीडियो को प्रधानमंत्री पद का अपमान करार दिया है।
कांग्रेस नेता के इस कदम का भाजपा ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे राष्ट्रीय संस्था के सम्मान और प्रधानमंत्री के पद का अपमान बताया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने लिखा, नामदार कांग्रेस ओबीसी समुदाय से आने वाले कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर पा रही। प्रधानमंत्री मोदी गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं। कांग्रेस ने पहले भी उनकी पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाया था। उन्होंने बिहार में उनकी मां को गालियां दीं। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता सीआर केसवन ने लिखा, यह पोस्ट कांग्रेस नेतृत्व की भ्रष्ट मानसिकता को उजागर करती है। यह घृणित वीडियो 140 करोड़ मेहनती मेधावी भारतीयों का घोर अपमान है और यह ओबीसी समुदाय पर कांग्रेस का सीधा हमला है। उन्होंने लिखा, कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी इस बात से नफरत करते हैं कि भारत की जनता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दे रही है, जो समर्पण और कड़ी मेहनत से आगे आए हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने पहले कहा था कि उनके पिता गुजरात के वडनगर स्टेशन पर चाय की दुकान चलाते थे और बचपन में उन्होंने उनकी मदद की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने मोदी साधारण पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाते हुए उन्हें चायवाला कहा था और उन्हें कभी शीर्ष पद नहीं मिलने का दावा किया था। हालांकि, मोदी ने 2014 से तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनकर अय्यर को करारा जवाब दिया है।
यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कोई विवादास्पद वीडियो साझा किया। इससे पहले बिहार चुनाव के दौरान कांग्रेस ने एक एआई वीडियो साझा किया था, जिस पर भाजपा भड़क गई थी। उस वीडियो में दिखाया गया था कि प्रधानमंत्री मोदी सपना देख रहे हैं और उनकी मां उन्हें उनकी राजनीति को लेकर डांट रही हैं। भाजपा ने तब कहा था कि यह प्रधानमंत्री की दिवंगत मां, महिलाओं और गरीबों का अपमान है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular