आंखों में गुस्सा, चेहरे पर खून और देश के लिए समर्पण; बॉर्डर 2 से सामने आया अहान शेट्टी का दमदार पोस्टर

नई दिल्ली, एजेंसी। देशभक्ति पर आधारित बॉर्डर 2 का पिछले काफी समय से फैंस को इंतजार है। सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, वरुण धवन स्टारर इस फिल्म से अब अभिनेता अहान शेट्टी का पोस्टर सामने आ गया है। ये फिल्म जनवरी 2026 में रिलीज होगी।
अहान शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म के पोस्टर को साझा किया है। अहान ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है- धरती हो या समंदर। धरती मां का हर बेटा ही कसम निभाता है। बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में 23 जनवरी 2026 को आ रही है। गौरतलब है कि इस फिल्म को अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज किया जा रहा है।
पोस्टर में अहान शेट्टी का दमदार लुक नजर आ रहा है। चेहरे पर उभरे चोट के निशान, गाल पर खून की धार और आंखों में झलकती दृढ़ता उनकी भूमिका को बेहद प्रभावशाली बना रही है। हाथों में हथियार थामे अहान एक दमदार सैन्य किरदार का हिंट दे रहे हैं। पोस्टर के विजुअल से यह साफ है कि बॉर्डर 2 भारतीय सेना के जांबाजों के अदम्य साहस को केंद्र में रखकर बनी है। फिल्म का टोन युद्ध स्थिति की तीव्रता, बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण को उजागर करता है।
अभिनेता सुनील शेट्टी ने बेटे अहान के पोस्टर को साझा करते हुए लिखा- सम्मानज् अपनी छाप छोड़ जाता है और साहस तुम पर खूब जंचता है, बेटे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए फिल्म निर्माताओं ने लिखा- लहरों से भी मजबूत, तूफानों से भी प्रचंड- बॉर्डर 2 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में।
‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन कर रहे हैं अनुराग सिंह, जो देशभक्ति और भावनात्मक कहानियाों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में अहान शेट्टी के साथ सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मेधा राणा, मोना सिंह और सोनम बाजवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता हैं। यह फिल्म गुलशन कुमार और टी-सीरीज के सहयोग से जे.पी. दत्ता की जेपी फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular