टाटा सिएरा ने रफ्तार के बाद अब माइलेज में रचा इतिहास, 29.9 का एवरेज, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम

नई दिल्ली, एजेंसी। टाटा मोटर्स की बहुप्रतीक्षित ऑल न्यू सिएरा एसयूवी ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में दस्तक देने के साथ ही नए कीर्तिमान स्थापित करने शुरू कर दिए हैं। अपनी तूफानी रफ्तार से सुर्खियों में रही इस एसयूवी ने अब ईंधन दक्षता यानी माइलेज के मामले में भी सबको चौंका दिया है। टाटा सिएरा ने लगातार 12 घंटे चलकर सबसे ज्यादा माइलेज देने का एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस दौरान गाड़ी ने 29.9 किलोमीटर प्रति लीटर का शानदार माइलेज दर्ज कराया, जिसे आधिकारिक तौर पर ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में शामिल कर लिया गया है। यह आंकड़ा देश के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नई मिसाल बन गया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को इंदौर स्थित एशिया के सबसे बड़े हाई स्पीड टेस्टिंग ट्रैक पर हासिल किया गया। पिक्सल मोशन नामक टीम ने 30 नवंबर 2025 को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार 12 घंटे तक सिएरा को ट्रैक पर दौड़ाया। इस मैराथन ड्राइव के दौरान गाड़ी को केवल ड्राइवरों की अदला-बदली के लिए ही कुछ पलों के लिए रोका गया था। लगातार ड्राइविंग और कठिन परीक्षण के बावजूद 29.9 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज मिलना इस एसयूवी की बेहतरीन इंजीनियरिंग का प्रमाण है।
इस रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के पीछे टाटा का नया 1.5 लीटर ‘हाइपेरियन पेट्रोल इंजन’ है। कंपनी का दावा है कि इस इंजन को विशेष रूप से पावर और माइलेज के बीच संतुलन बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें एक खास कम्बशन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है जो इंजन के अंदर घर्षण को कम करता है और ज्यादा टॉर्क पैदा करता है, जिससे गाड़ी को स्मूथ ड्राइविंग के साथ-साथ बेहतरीन फ्यूल एफिशिएंसी मिलती है। टाटा मोटर्स पैसेंजर वीइकल्स के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर मोहन सावकर ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि सिएरा के लॉन्च के कुछ ही समय बाद ऐसा नेशनल एफिशिएंसी रिकॉर्ड बनना यह साबित करता है कि हाइपेरियन इंजन पेट्रोल तकनीक की क्षमता को बढ़ाने में सफल रहा है।
गौरतलब है कि माइलेज के अलावा टाटा सिएरा ने परफॉर्मेंस में भी अपनी धाक जमाई है। इसी हृ्रञ्जक्र्रङ्ग ट्रैक पर अलग से किए गए एक टेस्ट में इस एसयूवी ने 222 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड हासिल कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया था। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये टेस्ट एक्सपर्ट ड्राइवरों की निगरानी में विशेष परिस्थितियों में किए गए थे। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आम ग्राहकों को जो टाटा सिएरा बेची जाएगी, उसकी अधिकतम गति सीमा (टॉप स्पीड) 190 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित (लॉक) रहेगी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular