लखनऊ। दुधवा नेशनल पार्क की हरियाली, रोमांचक जंगल सफारी और दुर्लभ वन्य जीवों की झलक अब पर्यटकों के लिए पहले से अधिक किफायती और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होगी। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने इसके लिए सैलानियों, परिवारों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक रात और दो दिन के पांच विशेष बजट पैकेज तैयार किए हैं। यह जानकारी उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीएसटीडीसी के ये टूर पैकेज पर्यटकों को दुधवा नेशनल पार्क की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का करीब से अनुभव करने का अवसर प्रदान करेंगे। ये पैकेज इको टूरिज्म, जंगल सफारी और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देंगे। राजधानी लखनऊ के होटल गोमती से 15 दिसंबर 2025 से शुरू होने वाले ये पैकेज यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट से बुक किए जा सकेंगे।यूपीएसटीडीसी द्वारा तैयार दुधवा बजट पैकेज में अधिकतम आठ पर्यटकों को ध्यान में रखकर टेम्पो ट्रैवलर से यात्रा कराई जाएगी। प्रति व्यक्ति किराया 6,175 रुपए (5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त) है। पैकेज के तहत पहले दिन सुबह 08 बजे लखनऊ से दुधवा के लिए रवाना होंगे, दोपहर में होटल पहुंचकर लंच और रात में रात्रि भोजन के बाद आराम करेंगे। दूसरे दिन सुबह 06:00 से 10:00 बजे तक जंगल सफारी का आनंद लिया जाएगा और तत्पश्चात लखनऊ के लिए प्रस्थान किया जाएगा।इसके अलावा स्टैंडर्ड जंगल सफारी पैकेज, प्रीमियम वाइल्ड लाइफ एक्सपीरियंस पैकेज, छात्र समूहों के लिए विशेष पैकेज और अन्य बजट पैकेज भी तैयार किए गए हैं। प्रत्येक पैकेज में भोजन, अनुभवी गाइड, अलाव (बोनफायर), जंगल सफारी और पेयजल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।यात्रा के दौरान पर्यटक होटल से केवल डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के करीब ठहरेंगे, जिससे प्रकृति का अनुभव और भी करीब से लिया जा सकेगा। दुधवा नेशनल पार्क के ये पैकेज राज्य में इको टूरिज्म और वन्य जीवन पर्यटन को नई दिशा देंगे और स्थानीय रोजगार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सतत पर्यटन को भी मजबूती प्रदान करेंगे।प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि यूपीएसटीडीसी का उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है ताकि उत्तर प्रदेश की जैव विविधता का आनंद अधिक से अधिक लोग ले सकें।
यूपीएसटीडीसी ने दुधवा नेशनल पार्क के लिए पेश किए विशेष बजट टूर पैकेज, पर्यटक अब सस्ते और आसान तरीके से जंगल सफारी का अनुभव ले सकेंगे

