इंडिगो के खिलाफ ‘क्लास एक्शन’ की तैयारी? विमानन विशेषज्ञ का दावा- सैकड़ों लोग करेंगे मुकदमा

नई दिल्ली, एजेंसी। इंडिगो एयरलाइंस इन दिनों देश में प्रमुख तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अधिकरत लोग इंडिगो को लेकर खूब सारी बातचीत भी कर रहे हैं। इंडिगो एयरलाइंस से जुड़े हालिया संकट के बाद भले ही कंपनी की स्थिति अब सामान्य हो गई हो, लेकिन इससे प्रभावित यात्रियों की परेशानियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। ऐसे में अब सैकड़ों लोग एक साथ एयरलाइंस के खिलाफ ‘क्लाश एक्शन’ यानी मुकदमा करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बात का दावा विमानन विशेषज्ञ संजय लाजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से किया है।
लाजर ने पोस्ट में बताया कि बड़ी संख्या में यात्री अब भी मदद के लिए उनसे संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि यह जानकारी वह जनहित में साझा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंडिगो संकट से प्रभावित 829 यात्रियों का एक समूह बन चुका है, जो अब मुआवजे की मांग को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहा है।
अपनी पोस्ट में विमान विशेषज्ञ संजय लाजर ने इंडिगो संकट के दौरान प्रभावित लोगों से एक ग्रुप में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि, जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुईं, जो हवाई अड्डों पर फंसे रहे या किसी भी तरह से इस अव्यवस्था से प्रभावित हुए, वे इस समूह से जुड़ सकते हैं।
लाजर ने इस बात पर जोर दिया कि ग्रुप में जुड़ने के लिए यात्रियों को एक ईमेल भेजना होगा या दिए गए गूगल फॉर्म को भरना होगा, ताकि वे सामूहिक रूप से कानूनी कार्रवाई कर सकें। संजय लाजर ने यह भी कहा कि यदि किसी को इस प्रक्रिया से जुड़ा कोई सवाल है, तो वे सोशल मीडिया पोस्ट के नीचे जवाब देकर अपनी शंका पूछ सकते हैं।
समझिए क्या होता है क्लास एक्शन?
गौरतलब है कि क्लास एक्शन एक तरह की कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें एक या ज्यादा व्यक्ति अपने समान दावे के साथ एक समूह के रूप में एक ही मुकदमा दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के तहत आरोपित कंपनी पर कुप्रबंधन और धोखाधड़ी जैसे कृत्यों के के लिए सामूहिक मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है। सर्वे के मुताबिक अमेरिका की डेल्टा एयरलाइंस, साउथवेस्ट एयरलाइंस और अमेरिकन एयरलाइंस पर इस तरह के मुकदमे किए गए थे। क्लास एक्शन का मकसद न्याय की प्रक्रिया को सरल और अधिक प्रभावी बनाना है, जिससे समान मामलों में एक ही निर्णय लिया जा सके और न्यायालयों पर बोझ कम हो।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular