सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, हर समस्या के निस्तारण के दिए निर्देश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान वह विभिन्न जिलों से आए हर फरियादी से मिले। उनका प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अन्नदाता की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही सरकार
शाहजहांपुर से आए किसान ने धान खरीद केंद्र में लापरवाही की शिकायत की। इस पर सीएम ने कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो, शासन-प्रशासन के अधिकारी इसका ध्यान रखें। सीएम ने शाहजहांपुर के डीएम को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करें। किसी भी केंद्र पर धान ले जाने वाले किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं एक पीएसी के सिपाही ने भी अपनी समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निस्तारण का निर्देश दिया। प्रयागराज से भी कुछ फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। प्रयागराज के जिला व पुलिस-प्रशासन को उनके निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा व सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
इस मौके पर सीएम ने कहा कि हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य है। सरकार पहले दिन से ही लोगों की सेवा, सुरक्षा व सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। साढ़े आठ वर्ष में जनता की समस्या सुनने और उसके निराकरण के लिए सरकार नियमित रूप से कार्य कर रही है।
बच्चों को दी चॉकलेट… पढ़ाई के बारे में भी पूछा
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने सभी से नाम पूछा और चॉकलेट दी। मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular