एशेज सीरीज 2025-26: नाथन लियोन ने तोड़ा ग्लेन मैक्ग्रा का यह बड़ा रिकॉर्ड

नईदिल्ली। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। यह उपलब्धि लियोन ने एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ हासिल की। मैच के दूसरे दिन अपने दूसरे विकेट के साथ ही लियोन ने 563 विकेट के आंकड़े को पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
लियोन 2011 में टेस्ट डेब्यू के बाद से ही ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के प्रमुख स्पिनर बने हुए हैं। अपने पहले ही टेस्ट मैच में उन्होंने पहली गेंद पर श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगाकारा को आउट कर सभी का ध्यान खींचा था। इसके बाद लियोन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अलग-अलग परिस्थितियों में उन्होंने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है और उनके आंकड़े उनकी काबिलियत बयां करते हैं। 38 वर्षीय लियोन इस सीरीज का पिछला टेस्ट मैच नहीं खेले थे।
लियोन ने अब तक 141 टेस्ट मैचों में 30 से अधिक की औसत से 564 विकेट झटके हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट अब सिर्फ शेन वॉर्न (708) के नाम हैं। इसके साथ ही लियोन टेस्ट इतिहास के छठे सबसे सफल विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनसे आगे श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800), इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन (704), भारत के अनिल कुंबले (619) और इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड (604) हैं।
लियोन के नाम टेस्ट क्रिकेट में 24 बार 5 विकेट हॉल दर्ज हैं, जबकि उन्होंने 5 मैचों में 10 विकेट लेने का कारनामा भी किया है। घरेलू टेस्ट में उन्होंने 31 से अधिक की औसत से 270 विकेट चटकाए हैं। वहीं, विदेशी धरती पर लियोन ने 27 से ज्यादा की औसत से 274 विकेट लिए हैं। तटस्थ मैदान पर उनके खाते में 20 विकेट हैं। डे-नाइट टेस्ट में इस खिलाड़ी ने 43 विकेट अपने नाम किए हैं।
इस साल की शुरुआत में लियोन एशिया में टेस्ट क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले पहले गैर-एशियाई गेंदबाज बने थे। उपमहाद्वीप में खेले गए 30 टेस्ट मैचों में उनके नाम कुल 154 विकेट हैं। इस दौरान उन्होंने 11 बार पारी में 5 विकेट और 2 मैचों में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है। एशिया में उनका यह रिकॉर्ड दिग्गज वॉर्न से भी बेहतर है, जिन्होंने 25 टेस्ट में 26 की औसत से 127 विकेट लिए थे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular