संसद में मोदी-प्रियंका गांधी की मुलाकात, पीएम का मजाक और लगे ठहाके

नई दिल्ली, एजेंसी। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। शुक्रवार को शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बीच संसद भवन में मुलाकात हुई। इस दौरान अन्य सांसद भी मौजूद थे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद के शीतकालीन सत्र के खत्म होने पर संसद भवन में अपने चेंबर में पार्टियों के नेताओं और लोकसभा सांसदों के साथ मीटिंग की। इसी दौरान सभी नेता वहां पहुंचे। इस बातचीत के दौरान सदस्यों ने प्रधानमंत्री से नए संसद भवन में एक समर्पित हॉल की उनकी मांग पर विचार करने का आग्रह किया। इसके जवाब में एक वरिष्ठ मंत्री ने टिप्पणी की कि पुराने संसद भवन में भी ऐसी ही एक सुविधा मौजूद थी, लेकिन उसका शायद ही कभी उपयोग किया जाता था। सदस्यों ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि सत्र काफी उपयोगी रहा, साथ ही यह जोड़ा कि इसे और आगे बढ़ाया जा सकता था, क्योंकि देर रात कानून पारित करना आदर्श नहीं माना जाता।
हल्के-फुल्के अंदाज में बात
हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा गया कि सत्र संक्षिप्त इसलिए रहा, क्योंकि विपक्ष लगातार विरोध-प्रदर्शन में लगा हुआ थाऔर इस पर प्रधानमंत्री ने मज़ाकिया तौर पर कहा कि वे उनकी आवाज़ों पर ज़ोर नहीं डालना चाहते थे। प्रधानमंत्री ने एन।के। प्रेमचंद्रन जैसे सदस्यों के योगदान की भी सराहना की और कहा कि वे चर्चा के लिए हमेशा पूरी तैयारी के साथ आते हैं। इस मुलाकात में प्रियंका गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड पर भी चर्चा हुई। इसी दौरान प्रियंका की किसी बात पर पीएम मोदी ठहाके लगाते दिखे।
111 प्रतिशत रही प्रोडक्टिविटी
शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई। हालांकि वंदे मातरम के तुरंत बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान ओम बिरला ने कहा कि सत्र के दौरान सदन की उत्पादकता 111 प्रतिशत रही है। संसद में गुरुवार रात 12।30 बजे राज्यसभा से VB-G RAM G बिल पास हो गया था। बिल का विरोध करते हुए तमाम विपक्षी सांसदों ने बहस के दौरान जमकर हंगामा किया। इसके साथ ही बिल के पास होने से पहले ही सांसद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए और धरने पर बैठ गए।
‘जी-राम-जी’ बिल पर जमकर हुआ विरोध
संसद में बीते दिन पहले लोकसभा में ‘जी-राम-जी’ बिल पास हुआ था। इसके बाद रात में राज्यसभा में यह बिल पास हो गया है। हालांकि विपक्ष की तरफ से इस बिल को लेकर जमकर हंगामा किया जा रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि इस योजना को बंद करने से गरीबों का नुकसान होगा। बिल को लेकर विपक्ष मांग कर रहा था कि इसे सिलेक्ट कमेटी के पास भेजा जाए। बिल के विरोध में तृणमूल (TMC) सांसद, संसद के मकर द्वार पर रातभर से धरने पर बैठे रहे। धरना देने वाले सांसदों का कहना था कि इस बिल के जरिए महात्मा गांधी का अपमान किया जा रहा है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular