मैं इंडस्ट्री में डांस या रोमांस करने नहीं आई हूं : सिद्धि इदनानी

तमिल सिनेमा में इन दिनों फिल्म रेट्टा थाला की खूब चर्चा हो रही है। फिल्म ने अपने दमदार ट्रेलर से लोगों का ध्यान खींचा। इस फिल्म का निर्देशन कृष्ण थिरुकुमारन कर रहे हैं। इसमें अभिनेता अरुण विजय और अभिनेत्री सिद्धि इदनानी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में अपने किरदार को लेकर सिद्धि इदनानी ने कहा है कि वह सिर्फ ग्लैमर के लिए नहीं, बल्कि दमदार किरदार निभाने के लिए सिनेमा में आई हैं।
रेट्टा थाला के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेत्री सिद्धि इदनानी ने अपने किरदार और फिल्मों में महिलाओं की भूमिका को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, मैं उन अभिनेत्रियों में से नहीं हूं, जो केवल स्क्रीन पर आकर डांस या रोमांस करें और फिर कहानी से गायब हो जाएं। मेरा मानना है कि महिलाओं के किरदार भी कहानी को आगे बढ़ाने की ताकत रखते हैं और मेरे किरदार को भी उसी अंदाज में दिखाया जाना चाहिए।
रेट्टा थाला में अपने किरदार को लेकर सिद्धि इदनानी ने बताया कि उनका किरदार आंद्रे नाम की एक मजबूत महिला का है। यह किरदार सिर्फ हीरो की साथी का नहीं है, बल्कि फिल्म की कहानी को नई दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाता है। आंद्रे का एक मकसद है और वह कई मायनों में फिल्म की ड्राइविंग फोर्स है। ऐसे रोल देने के लिए मैं निर्देशक कृष्ण थिरुकुमारन का आभार व्यक्त करना चाहती हूं, क्योंकि इस तरह का किरदार मिलना किसी भी अभिनेत्री के लिए गर्व की बात होती है।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, आंद्रे एक मजबूत सोच वाली महिला है, जो किसी भी परिस्थिति में अपने फैसलों पर डटी रहती है। वह हालात से समझौता नहीं करती और अपने आत्मसम्मान और उद्देश्य के लिए खड़ी रहती है। इस किरदार को निभाते हुए मैंने भी यही सीखा कि जिंदगी में अपने विचारों और मूल्यों पर टिके रहना कितना जरूरी है।
फिल्म के ट्रेलर की बात करें तो इसमें जबरदस्त एक्शन, इमोशनल ड्रामा, रोमांस और बदले की कहानी की झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों का मनोरंजन करेगी।इससे पहले अभिनेता अरुण विजय ने फिल्म को लेकर बताया था कि रेट्टा थाला एक एक्शन थ्रिलर है, जो इंसान के भीतर मौजूद अच्छे और बुरे पहलुओं को दिखाती है। फिल्म में यह देखने को मिलेगा कि जब किसी व्यक्ति के अंदर छिपे ग्रे शेड्स एक साथ बाहर आने लगते हैं, तो हालात कैसे बदलते हैं।
अरुण विजय ने बताया कि वह इस फिल्म में दो अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं। एक किरदार का नाम मालपे उपेन्द्र है, जबकि दूसरे का नाम काली है। दोनों किरदारों की सोच और स्वभाव अलग-अलग हैं, जो कहानी को और भी रोचक बनाते हैं।फिल्म में अरुण विजय और सिद्धि इदनानी के अलावा, तान्या रविचंद्रन, योगी सामी, जॉन विजय, हरीश पेरादि और बालाजी मुरुगदास जैसे नाम शामिल हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular