नईदिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 80 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। दरअसल, वह एक कैलेंडर वर्ष में महिलाओं के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1,700 से अधिक रन बनाने वाली विश्व की पहली बल्लेबाज बनी। आइए उनके इस रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं।
मंधाना ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 32 पारियों में कुल 1,703 रन बनाए हैं। अभी भारत को 30 दिसंबर को आखिरी टी-20 भी खेलना है, ऐसे में उनके पास रन संख्या में इजाफा करने का मौका होगा। बता दें कि एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का पिछला रिकॉर्ड भी मंधाना के नाम पर दर्ज था। मंधाना ने 2024 में 35 पारियों में 1,659 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए थे।
मंधाना ने 2025 में कुल 23 वनडे मैच खेले, जिसमें 61.90 की औसत के साथ 1,362 रन बनाए। वह इस साल सर्वाधिक वनडे रन वाली महिला बल्लेबाज रही। इस साल भारतीय उपकप्तान ने वनडे में 5 शतक और इतने ही अर्धशतक भी लगाए। 2025 में अब तक मंधाना ने 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 37.88 की औसत से 341 रन बनाए। उन्होंने इस साल कोई टेस्ट मैच नहीं खेला।
मंधाना के बाद एक कैलेंडर वर्ष में दूसरे सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वाड्ट के नाम पर दर्ज है। प्रोटियाज टीम की कप्तान लौरा ने 2024 में 37 पारियों में 1,593 रन बनाए थे। वहीं, इस साल लौरा ने 26 पारियों में 1,364 रन अपने नाम किए हैं। इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट भी इस सूची में शामिल हैं, जिन्होंने 2022 में 32 पारियों में 1,346 रन बनाए थे।
श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी-20 के दौरान मंधाना 10,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली विश्व की कुल चौथी महिला बल्लेबाज बनी। वह दिग्गज बल्लेबाजों की विशेष सूची में शामिल हुई हैं। क्रिकबज के मुताबिक, पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 10,868 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ने खेल के सभी प्रारूपों को मिलाकर 10,652 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की पूर्व दिग्गज चर्लोट एडवर्ड्स ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत 10,273 रन के साथ किया था।
स्मृति मंधाना एक कैलेंडर वर्ष में 1,700+ अंतरराष्ट्रीय रन वाली पहली महिला बल्लेबाज बनी, जानिए आंकड़े

