नव वर्ष पर तृणमूल कांग्रेस का स्थापना दिवस, सीएम ममता बोलीं- बुरी ताकतों के आगे नहीं झुकेंगे

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दल जनता के लिए संघर्ष करता रहेगा और किसी भी ‘बुरी ताकतों’ के सामने समर्पण नहीं करेगा।
क्या बोले बोली ममता बनर्जी?
बनर्जी ने कहा कि 1 जनवरी 1998 को ‘मां, माटी, मानुष’ की सेवा के लक्ष्य के साथ शुरू हुई पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा का मुख्य सिद्धांत मातृभूमि का सम्मान, बंगाल का विकास और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और बलिदान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ‘आज भी हमारा हर कार्यकर्ता इस लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। जनता के आशीर्वाद से हम देश के हर व्यक्ति के लिए अपनी लड़ाई में दृढ़ रहेगी। हम किसी भी बुरी शक्ति के सामने नहीं झुकेंगे और आम लोगों के लिए हमारा संघर्ष आजीवन जारी रहेगा।’
क्या बोले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव?
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि दल की असली शक्ति उसके जमीनी कार्यकर्ताओं के अनुशासन और विश्वास में निहित है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा ‘तृणमूल कांग्रेस स्थापना दिवस पर, मैं अपने लगातार बढ़ते परिवार के हर सदस्य के प्रति कृतज्ञता से सिर झुकाता हूं।’ उन्होंने आगे कहा कि जो बदलाव के आंदोलन के रूप में शुरू हुआ था, वह अब एक शक्तिशाली लोकतांत्रिक शक्ति बन चुका है। ‘मेरा गहरा सम्मान हमारे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए है। आप इस कहानी के लेखक हैं।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक TMC ‘मां, माटी, मानुष’ से जुड़ी रहेगी, ‘कोई भी ताकत, चाहे कितनी भी अहंकारी या दमनकारी क्यों न हो, बंगाल के सामूहिक संकल्प को हरा नहीं सकती।’
टीएमसी के 27 साल पूरे
उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने वाम मोर्चे के शासन को चुनौती देने के लिए 1998 में इसी दिन कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस की स्थापना की थी। वर्ष 2011 में यह दल सत्ता में आया। अब यह अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जबकि विधानसभा चुनाव में केवल तीन महीने शेष हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular