जनरल अनिल चौहान का निकोबार दौरा, एयरबेस पर रनवे का किया उद्घाटन

श्री विजय पुरम (अंडमान और निकोबार)। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारतीय वायुसेना के कार निकोबार एयर बेस पर अपग्रेड किए गए रनवे का शुभारंभ किया। सीडीएस सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कार निकोबार द्वीप पहुंचे, जहां अंडमान और निकोबार कमान (एएनसी) के कमांडर-इन-चीफ वाइस एडमिरल अजय कोचर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
एक अधिकारी ने बताया कि सीडीएस ने भारतीय वायुसेना के कार निकोबार एयर बेस पर फिर से तैयार और अपग्रेड किए गए रनवे का उद्घाटन किया। निकोबार जिले में स्थित कार निकोबार श्री विजय पुरम (पूर्व नाम पोर्ट ब्लेयर) से करीब 535 किलोमीटर दूर है और 2004 की सुनामी में यहां सबसे अधिक नुकसान हुआ था।
‘मलक्का जलडमरूमध्य पर रखी जा सकेगी सीधी नजर’
अधिकारी ने बताया कि अपग्रेड किए गए रनवे से पूर्वी मोर्चे को और मजबूती मिलेगी, क्योंकि यहां से मलक्का जलडमरूमध्य पर सीधी रणनीतिक नजर रखी जा सकती है, जो अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक अहम समुद्री मार्ग है। इससे भारतीय वायुसेना को तेजी से हवाई अभियान चलाने की क्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि विमानों की सुचारू आवाजाही के लिए एप्रन का विस्तार किया गया है और यह सुविधा वायुसेना को कम समय में लंबी दूरी के फायरिंग अभ्यास करने में मदद करेगी।
भंडारण सुविधा का भी उद्घाटन करेंगे सीडीएस
कमान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीडीएस का यह दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अंडमान और निकोबार द्वीपों के रणनीतिक महत्व, ‘एक्ट ईस्ट’ नीति पर फोकस और क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को दर्शाता है। अधिकारी ने बताया कि सीडीएस एक भंडारण सुविधा का भी उद्घाटन करेंगे और सुनामी स्मारक का दौरा भी करेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular