भीषण शीतलहर की चपेट में प्रदेश, लखनऊ सहित इन 34 जिलों के लिए जारी हुई चेतावनी, बाराबंकी रहा सबसे ठंडा

लखनऊ। पूरा यूपी भीषण सर्दी की चपेट में है। शनिवार को दिन की शुरूआत कोहरे और गलन के साथ हुई। विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही सर्द पछुआ ने सर उठाया और शुक्रवार को दिन में प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ी। कोहरे के प्रकोप और दिन में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गलन भरी पछुआ ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। जिन इलाकों में धूप हुई, वहां भी गलन हावी रही।माैसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रही पछुआ के असर से प्रदेश भर में अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
शुक्रवार को 6 न्यूनतम तापमान के साथ बाराबंकी और हरदोई प्रदेश में सबसे ठंडे रहे। वहीं 13.3 डिग्री के साथ बरेली में सबसे ठंडा दिन रहा। घने कोहरे की वजह से कानपुर, आगरा, गोरखपुर, अमेठी आदि में सुबह दृश्यता शून्य हो गई।
शनिवार के लिए तराई और पूर्वी -दक्षिणी यूपी के 34 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के आठ जिलों में शीत दिवस होने की आशंका जताई गई है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में शुक्रवार को विक्षोभ के कमजोर पड़ने और सर्द पछुआ के असर से अब रातों में पारा गिरना शुरू होगा। अगले तीन दिनों में दिन व रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
इन जिलों में है घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।
यहां है शीत दिवस की संभावना
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी व आसपास के इलाकों में ।
यूपी में स्कूल सोमवार तक हुए बंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के 12वीं तक के सभी स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। प्रदेश में इस समय अधिकतर जिले शीतलहर की चपेट में हैं।
इसे देखते हुए पूर्व में सोमवार से बृहस्पतिवार तक 12वीं तक के विद्यालयों में छुट्टी की गई थी। शुक्रवार को माध्यमिक विद्यालय खुले थे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बोर्डों आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। इस क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने माध्यमिक विद्यालयों व बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में पांच जनवरी तक छुट्टी के लिए निर्देश जारी किए हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular