लेटेस्ट न्यूज़
11 Mar 2026, Wed

मादुरो को बचाने के लिए क्यूबा के 32 सैनिकों ने दी जान, वेनेजुएला में अमेरिकी हमले में हुई मौत

वेनेजुएला, एजेंसी। अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला पर अटैक किया। साथ ही अपदस्थ वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया। इसी के बाद अब सामने आया है कि मादुरो को बचाने में क्यूबा के 32 सैनिकों की भी जान चली गई है। क्यूबा सरकार ने घोषणा की है कि काराकास में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अगवा करने के लिए अमेरिकी सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन के दौरान उसके 32 सैनिकों की मौत हो गई।
इसी के बाद इन लोगों की मौत पर देश में शोक घोषित किया गया है। क्यूबा ने एक बयान में कहा, गहरे दुख के साथ हमारे लोगों को यह जानकारी मिली है कि 3 जनवरी 2026 की अमेरिका की सरकार की ओर से दोस्त देश वेनेजुएला के खिलाफ किए गए आपराधिक हमले के दौरान 32 क्यूबाई मारे गए।
दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
इसी के साथ देश में 5 जनवरी को सुबह 6:00 बजे से 6 जनवरी 2026 की रात 12 बजे तक दो दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। राष्ट्रीय शोक की अवधि के दौरान सभी सार्वजनिक भवनों और सैन्य संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका कर फहराया जाएगा। राष्ट्रीय शोक के दौरान सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों और उत्सव संबंधी गतिविधियों को निलंबित किया गया है।
वेनेजुएला की मांग पर गए थे सैनिक
वेनेजुएला में क्यूबा के सैनिक मौजूद थे। इन्होंने अमेरिकी सैनिकों को रोकने की कोशिश की थी। वेनेजुएला की मांग पर क्यूबा ने ये सैनिक भेजे थे। राज्य संचालित प्रेंसा लातिना एजेंसी ने कहा कि क्यूबा के ये लड़ाके वेनेजुएला सरकार के अनुरोध पर, देश की सेना की ओर से मिशन को अंजाम देते हुए मारे गए।
क्यूबा और वेनेजुएला के रिश्ते
क्यूबा वेनेजुएला सरकार का करीबी सहयोगी है और बीते कई वर्षों से लैटिन अमेरिकी देश में अभियानों में मदद के लिए सैन्य और पुलिस बल भेजता रहा है। शनिवार को हुए अमेरिकी ऑपरेशन के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को ड्रग्स से जुड़े आरोपों में मुकदमे का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क ले जाया गया। वेनेजुएला के राष्ट्रपति को सोमवार को अमेरिकी शहर की एक अदालत में पेश किया जाना है। हालांकि, मादुरो ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। वेनेजुएला के रक्षा मंत्री जनरल व्लादिमिर पाद्रीनो ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि अमेरिकी हमले में सैनिकों, आम नागरिकों और मादुरो की सुरक्षा टीम के एक बड़े हिस्से की हत्या कर दी गई।
क्यूबा को लेकर क्या बोले ट्रंप?
रविवार को एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान दूसरी तरफ बहुत ज्यादा मौतें हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई क्यूबाई मारे गए और यह भी दावा किया कि हमारी तरफ कोई मौत नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि क्यूबा में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप की संभावना कम है, क्योंकि द्वीपीय देश अपने आप ही ढहने की कगार पर दिख रहा है। ट्रंप ने कहा, क्यूबा गिरने के लिए तैयार है। क्यूबा, लगता है कि गिरने के लिए तैयार है। मुझे नहीं पता कि वो इसे कैसे संभाल पाएंगे, लेकिन क्यूबा के पास अब कोई आय नहीं है। उनकी सारी आय वेनेजुएला से आती थी, वेनेजुएला के तेल से।
उन्होंने आगे कहा, अब उन्हें वो कुछ भी नहीं मिल रहा है। क्यूबा सचमुच गिरने की हालत में है और अमेरिका में रहने वाले बहुत से क्यूबाई मूल के लोग हैं, जो इस स्थिति से बहुत खुश होने वाले हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।