केकेआर से रिलीज किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान को मिलेंगे पैसे, जानिए क्या कहता है नियम?

नई दिल्ली ,04 जनवरी । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से मिले निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 के लिए बने अपने स्क्वॉड से बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया है। ऐसे में एक बड़ा सवाल है कि क्या केकेआर रहमान नीलामी में लगाई गई कीमत रहमान को देगी। आइए जानते हैं कि नियम क्या कहता है।
आईपीएल नीलामी में किसी खिलाड़ी को खरीदने के बाद उसके लिए लगाई गई कीमत को फ्रेंचाइजी के पर्स से लॉक कर दिया जाता है। मुस्ताफिजुर रहमान का मामला अलग है और संवेदनशील है। उन्हें चोट या निजी कारण से नहीं, बल्कि भारत-बांग्लादेश के बीच खराब हो चुके राजनीतिक और सुरक्षा हालातों की वजह से केकेआर ने रिलीज किया है।
ऐसे में आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अगर बीसीसीआई किसी खिलाड़ी को क्रिकेट के अलावा किसी दूसरी वजह से बाहर करने का निर्देश देती है, तो उस खिलाड़ी पर खर्च की गई पूरी रकम फ्रेंचाइजी को वापस मिल जाती है। इस स्थिति को ‘फोर्स मेज्योरÓ कहा जाता है। यह एक ऐसी असाधारण परिस्थिति है जो किसी के नियंत्रण में नहीं होती। इन मामलों में फ्रेंचाइजी खिलाड़ी के साथ किए गए अनुबंध को पूरा करने के लिए बाध्य नहीं होती। इसलिए केकेआर द्वारा रिलीज किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान को कोई राशि नहीं मिलेगी।
आईपीएल 2026 के लिए 16 दिसंबर को नीलामी का आयोजन किया गया था। नीलामी में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। पिछले कुछ दिनों में बांग्लादेश में बदले राजनीतिक हालात में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ी है जिसमें कई जानें जा चुकी हैं। हिंदुओं के खिलाफ सार्वजनिक रूप से लिंचिंग और हिंसा की घटनाओं को भारत के धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भारी विरोध किया है और किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में खिलाने का विरोध किया है। इसे लेकर बड़े स्तर पर कैंपेन चलाए गए हैं।
आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खिलाने की बढ़ती मांग को देखते हुए बीसीसीआई ने 3 जनवरी को केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था। बीसीसीआई के निर्देश के कुछ घंटे बाद ही केकेआर ने रहमान को रिलीज कर दिया था।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular