‘योगी के नेतृत्व में विकास और कानून व्यवस्था की मिसाल बना यूपी’, रक्षामंत्री बोले – पहले दंगे होते थे

लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का कायाकल्प देश के दूसरे राज्यों के लिए एक मिसाल है। पहले जो प्रदेश दंगों और खराब कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था वो अब निवेश के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। यूपी अब बीमारू राज्य नहीं रहा है बल्कि देश को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ में अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्धाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि योगी जी जिस तरह से यूपी को चला रहे हैं। उससे सहज ही प्रदेश की रेटिंग एक्सीलेंट कही जा सकती है। अशोक लीलैंड कंपनी की इस ईवी फैक्टरी का उद्धाटन प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर है।
उन्होंने कहा कि मैं लखनऊ से सांसद हूं पर अगर मैं लखनऊ का न भी होता तो भी यह शहर मुझे उतना ही प्रिय होता जितना कि आज है । पहले जिस यूपी को खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था वो अब निवेश के क्षेत्र में अपनी जगह बना रहा है। यह बहुत बड़ी बात है। प्रदेश में निवेश होने से यहां के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार मिल सकेगा।
देश को मजबूत बनाने मे अपनी भूमिका निभा रहा यूपी
रक्षामंत्री ने कहा कि अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है। अब भारत एक कमजोर देश नहीं बल्कि अपने हथियार खुद बनाता है और इस कार्य में यूपी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं। प्रदेश में जिस तरह से कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार हुआ है वो अपने आप में एक मिसाल है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular